असम में PwD की असिस्टेंट इंजीनियर ने किया सुसाइड : सीनियर अधिकारियों ने फर्जी बिल पास करने का दबाव डाला; 2 अफसर गिरफ्तार
Published:
2 min read

मृतका ज्योतिषा दास (असिस्टेंट इंजीनियर)
असम के PwD डिपार्टमेंट की असिस्टेंट इंजीनियर ने सुसाइड कर लिया। ज्योतिषा दास का शव मंगलवार को उनके किराए के घर से मिला। पुलिस को घर से एक सुसाइड नोट भी मिला। इसमें ज्योतिषा ने दो सीनियर अधिकारियों पर 'फर्जी बिल' पास करने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया गया है।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, ज्योतिषा ने उनके साथ काम करने वाले दो सीनियर अधिकारियों को सुसाइड के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वे लगातार दबाव बनाते थे, जिसकी वजह से वह मानसिक तनाव में थी। ज्योतिषा को फर्जी बिल पास करने को मजबूर किया गया। ज्योतिषा के सुसाइड नोट में लिखा है, 'मैं काम के तनाव की वजह से यह कदम उठा रही हूं, मैं थक गई हूं, मेरे पास और कोई दूसरा रास्ता नहीं है। ऑफिस में मुझे गाइड करने वाला कोई नहीं है। मेरे पेरेंट्स मेरे लिए चिंतित हैं।'
सुसाइड नोट के आधार पर FIR दर्ज
ज्योतिषा के परिवार वालों ने सुसाइड नोट के आधार पर FIR दर्ज कराई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर अधीक्षक अभियंता दिनेश मेधी शर्मा और बोंगाईगांव में तैनात उप-मंडल अधिकारी (SDO) अमीनुल इस्लाम को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार करते हुए गिरफ्तार किया गया है।
CM ने जांच के दिए आदेश
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जहां ज्योतिषा काम करती थीं, वहां भी पूछताछ की जा रही है।

