'सड़क छाप आदमी की तरह बोल रहे': भारत को परमाणु धमकी देने पर PAK आर्मी चीफ मुनीर को ओवैसी का पलटवार, बोले- हमें पाकिस्तानी सेना से हमेशा खतरा
Published:
3 min read

AIMIM चीफ और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी।(फाइल फोटो)
AIMIM चीफ और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मुनीर के उस बयान की निंदा की है, जिसमें उन्होंने भारत को परणाणु हमले की धमकी दी थी। ओवैसी ने पाकिस्तानी आर्मी चीफ को सड़क छाप आदमी की तरह भाषा बोलने वाला बताया। ओवैसी ने कहा, पाकिस्तानी आर्मी भारत के लिए हमेशा खतरा रहेगी, इससे निपटने के लिए हमें तैयार रहना होगा।
दरअसल, आसिम मुनीर अमेरिका के दौरे पर हैं। इस दौरान फ्लोरिडा के टाम्पा में पाकिस्तानी-अमेरिकियों को संबोधित करते हुए मुनीर ने भारत को धमकी दी थी। उन्होंने कहा था, अगर भारत के साथ संघर्ष में हमारे अस्तित्व को खतरा हुआ तो हम इस क्षेत्र को परमाणु युद्ध में बदल देंगे और आधी दुनिया को तबाह कर सकते हैं।
इतना ही नहीं मुनीर ने कहा था, अगर भारत सिंधु नदी पर बांध निर्माण का काम जारी रखता है तो इस्लामाबाद अपने जल अधिकारों की हर कीमत पर रक्षा करेगा। हम भारत द्वारा बांध बनाने का इंतजार करेंगे और जब वे ऐसा करेंगे तो हम उसे नष्ट कर देंगे।
हमें हमेशा तैयार रहना होगा- ओवैसी
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'पाकिस्तान के सेना प्रमुख का बयान और उनकी धमकियां निंदनीय हैं। दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि उन्होंने हमारे रणनीतिक साझेदार अमेरिका से ये बयान दिया। वे एक 'सड़कछाप आदमी' की तरह बोल रहे हैं। हमें यह भी समझने की जरूरत है कि पाकिस्तानी सेना और उनके डीप स्टेट से लगातार खतरे को देखते हुए हमें अपना रक्षा बजट बढ़ाना होगा ताकि हम तैयार रह सकें।
शशि थरूर बोले- भारत न्यूक्लियर ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा
उधर, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोमवार को आसिम मुनीर के बयान पर कहा, भारत न्यूक्लियर ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा। उन्होंने कहा कि भारत जानता है कि हवा और जमीन, दोनों ही तरह के खतरों से कैसे निपटना है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय ने मुनीर की टिप्पणियों का करारा जवाब देते हुए न्यूक्लियर ब्लैकमेल को खारिज कर दिया है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी मुनीर की आलोचना की और कहा कि उसकी धमकी से पड़ोसी देश बेनकाब हो गया है, क्योंकि उसके इरादे अब दुनिया को पता चल गए हैं।
परमाणु हथियारों की कमान आतंकियों से मिली हुई सेना के पास- भारत सरकार
अब भारत ने मुनीर की धमकी का जवाब दिया है। विदेश मंत्रालय ने कहा- परमाणु धमकी देना पाकिस्तान की पुरानी आदत है। इंटरनेशनल कम्युनिटी खुद तय कर सकती है कि ऐसे बयान कितने गैर-जिम्मेदाराना हैं। इससे एक बार फिर यह शक पुख्ता होता है कि जहां सेना आतंकी संगठनों से मिली हुई है, वहां परमाणु हथियारों की कमान कितनी सुरक्षित है। किसी दोस्त देश की जमीन से ऐसे बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण है। भारत साफ कर चुका है कि वह किसी भी एटमी ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा। भारत अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाता रहेगा।

