अरुणाचल में उग्रवादियों का हमला: पेट्रोलिंग कर रही असम राइफल्स की टीम पर फायरिंग, 1 जवान शहीद-4 घायल
Published: Updated:
2 min read

उग्रवादियों के हमले में जवान हैव जंगखोकाई कुकी शहीद हो गए। (फोटो- असम राइफल्स X अकाउंट)
नेशनल डेस्क. अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार बॉर्डर के पास असम राइफल्स की टीम पर उग्रवादियों ने हमला कर दिया। इस हमले में एक जवान शहीद हो गया। जबकि 4 जवान घायल हुए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना भारत-म्यांमार बॉर्डर के पास मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे नामपोंग नाला के पास हुई। असम राइफल्स की टीम बॉर्डर के पास उस जगह पेट्रोलिंग कर रही थी, जहां बॉर्डर फेंसिंग का काम चल रहा है। तभी उग्रवादियों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसमें हवलदार हैव जंगखोकाई कुकी शहीद हो गए और चार जवान घायल हो गए।
घायलों को फायरिंग वाली जगह से रेस्क्यू कर इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है। इस हमले के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरकर सर्चिंग शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ये उग्रवादी NSCN (K-YA) से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी अधिकारियों ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।

असम राइफल्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि DG लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा और असम राइफल्स के सभी अधिकारियों ने सर्वोच्च बलिदान देने वाले हैव जंगखोकाई कुकी को श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति गहरी संवेनाएं व्यक्त कीं।

