प्रेमानंद महाराज को किडनी देने को तैयार मुस्लिम युवक: आरिफ खान ने पत्र में लिखा- सनातन के साथ राष्ट्रभक्ति का काम कर रहे हैं महाराज; रील देख प्रभावित हुआ
Published:
3 min read

नर्मदापुरम के इटारसी के रहने वाले 25 साल के आरिफ खान ऑनलाइन वर्क करते हैं। एक साल पहले ही उनकी शादी हुई है।
मध्यप्रदेश के एक मुस्लिम व्यक्ति ने वृंदावन के प्रेमानंद महाराज को अपनी किडनी डोनेट करने की इच्छा जाहिर की है। इटारसी के रहने वाले आरिफ खान ने प्रेमानंद महाराज को पत्र लिखकर उनसे किडनी लेने का आग्रह किया है।
आरिफ खान ने अपने पत्र में लिखा कि वह प्रेमानंद महाराज के आचरण और व्यवहार को देख कर प्रभावित है। महाराज देश में हिन्दू मुस्लिम एकता के प्रतीक हैं। आरिफ खान ने लिखा कि वह महाराज की सेवा से प्रभावित होकर किडनी डोनेट करना चाहता है।
सनातन के साथ राष्ट्रभक्ति का काम कर रहे- आरिफ
पत्र में लिखा कि आज ऐसे नफरती माहौल में आप जैसे सेवकों का संसार में रहना अति आवश्यक है। इस दुनिया में मेरे रहने और न रहने की आवश्यकता नहीं है। मेरे इस छोटे से त्याग को स्वीकार करने की कृपा करें।
rajexpress.com से बात करते हुए आरिफ खान ने बताया कि प्रेमानंद महाराज सनातन के साथ राष्ट्रभक्ति का काम कर रहे हैं। इसलिए वह प्रेमानंद जी महाराज को किडनी देना चाहते हैं।
प्रेमानंद महाराज की एक रील ने किया प्रभावित
आरिफ खान ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर 3 महीने पहले प्रेमानंद जी महाराज की एक रील देखी थी। जिसमें प्रेमानंद जी कह रहे है कि हम किसी को नहीं कहते की काम बन जाएगा। उसमें उन्होंने कहा- ‘तेरे दरबार की आली निराली शान ये देखी, सखावत खुद तेरी गलियों में चक्कर काटते देखा। फैलाया हाथ जिसने तेरे दरबार में आकर, तुझे देते नहीं देखा मगर झोली भरी देखी’। वह इस बात से प्रभावित है, अब वह सोशल मीडिया पर उनकी हर वीडियो को देखते हैं।
राजकुंद्रा ने भी जाहिर की थी यही इच्छा
इससे पहले बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा ने भी प्रेमानंद महाराज को अपनी एक किडनी डोनेट करने की इच्छा जाहिर की थी। वह संत प्रेमानंद का सत्संग सुनने वृंदावन पहुंचे गए थे।
प्रेमानंद महाराज की 17 साल से किडनी खराब
बता दें वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज जी की दोनों किडनियां लगभग 19 सालों से खराब है। एक बार प्रेमानंद महाराज ने भक्तों से बात करते बताया था कि 17 साल पहले दिल्ली के अस्पताल में एक डॉक्टर ने कहा था कि बाबा आपकी दोनों किडनी खराब हो चुकी हैं, 5 साल तक ही आपका जीवन है। प्रेमानंद महाराज ने बताया कि भगवान पर भरोसा है इसलिए आज जीवित हूं।
प्रेमानंद महाराज ऑटोसोमल डोमिनेंट पॉलीसिस्टिक किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं। एक्सपर्टस की मानें तो यह बीमारी माता-पिता से बच्चों में आती है। इस बीमारी में किडनी का आकार बड़ जाता है और पानी भर जाता है। फिर किडनी काम करना बंद कर देती है।

