अवैध रिश्तों के चलते पति का मर्डर: तीसरी पत्नी ने प्रेमी और मजदूर से करवाई हत्या, दूसरी पत्नी ने खोजा शव
Published:
2 min read

अनूपपुर में भैयालाल रजक का शव कुएं में मिला था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर में अवैध संबंध के चलते मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। मजदूर की हत्या उसकी तीसरी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की और शव को कुएं में फेंक दिया। मृतक की दूसरी पत्नी ने शव देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी, इसके बाद पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने तीसरी पत्नी, प्रेमी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, भैयालाल रजक (60) ने तीन शादियां की थीं। पहली पत्नी उसे छोड़कर चली गई। इसके बाद उसने गुड्डी से शादी की। लेकिन बच्चा न होने के चलते उसने गुड्डी की बहन मुन्नी और विमला (38) से शादी कर ली। तीसरी पत्नी का पिछले चार-पांच साल से प्रॉपर्टी डीलर लल्लू उर्फ नारायण दास कुशवाहा (48) के साथ प्रेम संबंध था। उसने लल्लू के साथ मिलकर भैयालाल को जान से मारने का प्लान बनाया।
साजिश के तहत मुन्नी अपनी बड़ी बहन गुड्डी के घर चली गई, जिससे भैयालाल घर में अकेला रह जाए। इसके बाद 30 अगस्त की रात करीब 2-2.30 बजे लल्लू और मजदूर धीरज कोल ने निर्माणाधीन मकान में घुसकर भैयालाल के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए उन्होंने शव को बोरे में लपेटा और कुएं में फेंक दिया।
दूसरी पत्नी ने दी पुलिस को जानकारी
31 अगस्त को गुड्डी ने कुएं में अपने पति का शव देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को निकाला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतक की मौत सिर पर आई गंभीर चोट की वजह से हुई थी, जिसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
अवैध संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक भैयालाल की तीसरी पत्नी का लल्लू से अफेयर है। पुलिस ने जब मुन्नी ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

