आंध्र प्रदेश में मंत्री के भाई ने पुलिसकर्मी को जड़ा थप्पड़: मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से किया था मना, वीडियो वायरल होने के बाद केस दर्ज
Published:
2 min read

आंध्र प्रदेश सरकार में सड़क और भवन मंत्री के भाई बीसी मदन भुपल रेड्डी ने पुलिस कर्मी को जड़ा थप्पड़
आंध्र प्रदेश सरकार में मंत्री बीसी जनार्दन रेड्डी के भाई ने मंदिर परिसर में एक पुलिस कॉन्स्टेबल को थप्पड़ मार दिया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मंत्री के भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कॉन्स्टेबल ने मंत्री के भाई को मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने से रोका था।
घटना नंन्दयाल जिले के कोलिमिगुंडला स्थित एक मंदिर की है। आंध्र प्रदेश सरकार में सड़क और भवन मंत्री बीसी जनार्दन रेड्डी के भाई बीसी मदन भुपल मंदिर में अपने समर्थकों के साथ दर्शन करने पहुंचे थे। वे मंदिर के प्रतिबंधित परिसर में प्रवेश करना चाहते थे। वहां तैनात पुलिसकर्मी ने उन्हें प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से मना किया तो वे भड़क गए। पहले उन्होंने पुलिसकर्मी से बहस की, इसके बाद उसे धक्का दिया और थप्पड़ मार दिया।
मंत्री जनार्दन रेड्डी ने कार्रवाई के निर्देश दिए
आंध्र सरकार में मंत्री बीसी जनार्दन रेड्डी बनगनपल्ले विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। इन्होंने अपने भाई द्वारा की गई मारपीट की निंदा की और पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विपक्षी YSR ने टीडीपी सरकार को घेरा
YSR कांग्रेस पार्टी (YSRCP) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट में इस घटना को लेकर कहा- 'हमला सार्वजनिक रूप से हुआ, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई, इससे यह प्रतीत होता है कि वर्तमान गठबंधन सरकार में पुलिस बल किस प्रकार राजनीतिक दबाव के तहत एक उपकरण बनकर रह गया है।'
विपक्षी पार्टी ने कहा, 'यह घटना सत्ता के करीबियों को मिल रही शह को दिखाता है। जहां कानून प्रवर्तन अधिकारियों को भी नहीं बख्शा जा रहा है।'
YSR कांग्रेस पार्टी (YSRCP) ने TDP पार्टी के नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि उनके परिवारों के अहंकार और अराजकता यह का खुला प्रदर्शन है।

