अमृतसर के सैन्य ठिकानों पर PAK गैंगस्टर की नजर: कई जगहों की रेकी भी कराई; खुफिया इनपुट के बाद पंजाब में हाई अलर्ट
Published:
3 min read

PAK गैंगस्टर शहजाद भट्टी
नेशनल डेस्क. पाकिस्तान का गैंगस्टर शहजाद भट्टी पंजाब के अमृतसर के कई सैन्य ठिकानों पर हमलों की साजिश रच रहा है। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों से खुफिया जानकारी मिलने के बाद पंजाब में हाई अलर्ट जारी किया गया है। खुफिया एजेंसियों को मिले इनपुट के मुताबिक, अमृतसर के कई सैन्य प्रतिष्ठानों की कथित रेकी भी की गई है।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को शेयर किए गए इनपुट में पाकिस्तान में बैठे दो ऑपरेटर्स राणा भाई और मलिक के नाम सामने आए हैं। इनपुट में कहा गया है कि अमृतसर में खासा कैंट और बूढ़ा थेह की रेकी भी की गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने पंजाब पुलिस समेत अन्य एजेंसियों को अलर्ट करते हुए सैन्य ठिकानों की सुरक्षा बढ़ाने और इनपुट की गंभीरता से जांच करने को कहा है।
5 मई को ब्लास्ट भी हुआ था
खुफिया एजेंसियों के अलर्ट को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि कुछ महीने पहले ही खासा केंट के पास ब्लास्ट हुआ था। 5 मई को कैंट की बाउंड्री के पास कम तीव्रता का विस्फोट हुआ था। पंजाब पुलिस ने जांच के बाद बताया था कि विस्फोट में IED का इस्तेमाल किया गया था।
जांच एजेंसियों को शक है कि ये विस्फोट साजिश का हिस्सा था। हालांकि, एजेंसियों को इस ब्लास्ट का शहजाद भट्टी नेटवर्क को लेकर मिले नए अलर्ट से कोई संबंध नहीं मिला।
ये भी पढ़े: 80 FIR, 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां: ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क का खात्मा; अमित शाह बोले- आतंकियों के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस जारी रहेगी
पंजाब में पैर जमाने की कोशिश में ISI
पाकिस्तान के आतंकवादी-गैंगस्टर नेटवर्क को लेकर पंजाब में सुरक्षा एजेंसियां पहले से अलर्ट पर हैं। एजेंसियों को आशंका है कि ये नेटवर्क स्थानीय युवाओं, मददगारों और आपराधिक गैंग का इस्तेमाल कर हथियारों की तस्करी, हिंसा जैसी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं।

शहजाद भट्टी पाकिस्तान का गैंगस्टर है। भारत में सीमा पार आतंकवाद के कई मामलों में उसका नाम सामने आया है। भारतीय एजेंसियों का आरोप है कि वह पाकिस्तान से अपने नेटवर्क के जरिए भारत में गतिविधियों को संचालित करता है।
NIA भी कर रही है भट्टी नेटवर्क से जुड़े मामलों की जांच
शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े कई मामलों की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भी कर रही है। एजेंसी ने पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े मामलों के सिलसिले में पंजाब और हरियाणा समेत कई स्थानों पर रेड भी डाली थी। जांच में भट्टी का नाम हमलों, युवाओं की भर्ती और पंजाब में हथियारों की सप्लाई से जुड़े मामलों में सामने आया है।

