ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा के दौरान भड़के अमित शाह: कहा- विपक्ष को विदेशियों पर भरोसा है, लेकिन भारतीय विदेश मंत्री पर नहीं
Published:
3 min read

विपक्ष ने विदेश मंत्री के संबोधन के बीच टोका-टोकी शुरू कर दी। इसी बात पर गृह मंत्री अमित शाह भड़क गए।
ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा के दौरान गृहमंत्री अमित शाह विपक्ष पर भड़क गए। दरअसल, विदेश मंत्री जयशंकर भारत-पाक जंग में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मध्यस्थता के दावे पर बोल रहे थे, तभी विपक्ष ने उनका विरोध शुरू कर दिया।
इस पर अमित शाह ने कहा- मुझे आपत्ति है कि विपक्ष को भारतीय विदेश मंत्री पर भरोसा नहीं लेकिन विदेशियों पर है। शायद उनके दल में विदेशी चीजों की बड़ी अहमियत है पर, इसका मतलब यह नहीं कि उनकी बातों को सदन में थोप दिया जाए। यही वजह है कि आज आप विपक्ष में बैठे हैं और अगले 20 साल तक वहीं रहेंगे।
PM मोदी और ट्रम्प के बीच बातचीत नहीं हुई
सोमवार को मानसूत्र सत्र के छठे दिन ऑपरेशन सिंदूर पर आधी रात तक चर्चा हुई। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने डिबेट की शुरुआत की। शाम को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी बोलना शुरू किया। उन्होंने कहा, 'सीजफायर के लिए कोई मध्यस्थता नहीं हुई। पाकिस्तान ने ही सीजफायर के लिए गुहार लगाई थी। भारत परमाणु धमकी नहीं सहेगा।
9 मई की सुबह अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने PM मोदी को कॉल पर कहा था कि पाकिस्तान बड़े हमले की तैयारी कर रहा है। तब PM ने कहा कि पाकिस्तान जो भी हमला करेगा, हम उसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प और पीएम मोदी के बीच 22 अप्रैल से 17 जून तक कोई बातचीत नहीं हुई।'
विदेश मंत्री के संबोधन के बीच विपक्ष ने टोका-टोकी शुरू कर दी। इसी बात पर गृह मंत्री अमित शाह भड़क गए। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष के नेता सदन में बोलते हैं तब हम धैर्य से उन्हें सुनते हैं। जब विदेश मंत्री इतने बड़े मुद्दे पर बोल रहे हों, तब विपक्ष को इस तरह बीच में बाधा नहीं डालनी चाहिए।
ऑपरेशन सिंदूर पर आज भी लोकसभा में चर्चा होनी है। आज दोपहर अमित शाह और शाम को PM मोदी भी सदन में अपनी बात रखेंगे। कल राजनाथ सिंह ने कहा- विपक्ष ने यह नहीं पूछा कि हमने पाकिस्तान के कितने जेट गिरा दिए। बल्कि वे ये पूछ रहे कि हमारे कितने जेट गिरे। ऐसे सवाल पूछकर विपक्ष गलती कर रहा है। एग्जाम में रिजल्ट मायने रखता है। एग्जाम देते वक्त पेन और पेंसिल कितने टूटे, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। पूरी खबर पढ़ें..

