'PoK आपने दिया, इसे BJP वापस लेकर आएगी': राज्यसभा में अमित शाह का कांग्रेस को जवाब, बोले- मैं गर्व से कह सकता हूं, हिंदू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता
Published:
3 min read

राज्यसभा में अमित शाह(केंद्रीय गृहमंत्री) का कांग्रेस को जवाब
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा, कांग्रेस ने पीओके को दिया था, लेकिन इसे बीजेपी वापस लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि अब कोई भी आतंकवादी हमला बिना जवाब दिए नहीं छोड़ा जाएगा। गृह मंत्री ने कहा, हम आतंकवाद को खत्म करके रहेंगे।
अमित शाह ने कहा, जब तक पी चिदंबरम कांग्रेस सरकार में गृह मंत्री रहे तब तक संसद हमले के दोषी अफजल गुरु की फांसी नहीं हो पाई। मुंबई हमले के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा, ये हमला RSS ने करवाया। ये क्या बोल रहे थे, किसके लिए बोल रहे थे। किसे बचाना चाहते थे।
हिंदू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता- अमित शाह
शाह ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के हिंदू आतंकवाद वाले बयान को लेकर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा, हिंदू आतंकवाद का शिगूफा किसने छोड़ा? मैं दुनिया के सामने और देश की जनता के सामने गर्व से कहता हूं कि हिंदू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता। हम कभी टेररिस्ट नहीं हो सकते। क्या कहना चाहते हैं, फर्जी टाइप के केस बनाए। एक भी केस अदालत के सामने नहीं टिका। छिछोरी राजनीति के लिए आपने केस लगाए। फिर भी आप हार गए। अब हर रोज कह रहे हैं कि आप हमेशा नहीं रहेंगे। हमेशा का मालूम नहीं, मैं 61 साल का हूं। 14 से 30 साल तक बीजेपी की सरकार रहने वाली है।
शाह जब संसद में बोल रहे थे, तब विपक्ष सवाल कर रहा था कि पीएम मोदी कहां हैं। इस पर अमित शाह ने कहा, भाई मेरे से निपट रहा है, काहे को पीएम मोदी को बुला रहे हो और तकलीफ होगी।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, पहलगाम हमले में जो लोग मारे गए, उनके रिश्तेदारों के फोन मेरे पास आए। उन्होंने मुझसे अपील की कि इन आतंकियों के सिर में गोली मारी जाए। हमारे सुरक्षाबलों ने भी उन आतंकियों के सिर में गोली मारी। ऑपरेशन महादेव के तहत 3 आतंकी मारे गए। इन तीनों आतंकियों की पहचान पहलगाम हमले में लश्कर ए तैयबा का हाथ होने की पुष्टि करती है।
किसी के कहने पर ऑपरेशन सिंदूर नहीं रोका गया- अमित शाह
अमित शाह ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर किसी के कहने पर नहीं रोका गया। जब पाकिस्तान घुटनों पर आ गया। उनके DGMO ने फोन करके कहा, बहुत हो गया, प्लीज इसे रोक दीजिए। तब इसे रोका गया। उन्होंने कहा, पाकिस्तान ने हमारे सिविलियन इलाकों को निशाना बनाया। लेकिन भारत ने उनके 11 एयरबेस तबाह किए। जम्मू कश्मीर में यह पहली बार हुआ, जब आतंकियों ने धर्म के आधार पर लोगों को निशाना बनाया। ये हमारे लिए दुखदायी था। आतंकी ये मैसेज देना चाहते थे कि वे कश्मीर को आतंकवाद मुक्त नहीं होने देंगे। लेकिन मैं सदन से आतंकियों को ये कहना चाहता हूं, चाहे कुछ भी कर लो जम्मू कश्मीर आतंकवाद मुक्त होकर रहेगा।

