'घुसपैठिए इनके वोट बैंक, इसलिए SIR का विरोध' : बिहार से अमित शाह ने वोटर लिस्ट संशोधन पर विपक्ष को घेरा, बोले- संविधान दूसरे देश में जन्में व्यक्ति को वोट का अधिकार नहीं देता
Published:
2 min read

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह(फोटो-एक्स हेेंडल)
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बिहार वोटर लिस्ट संशोधन पर राजनीति करने का आरोप लगाया। बिहार के सीतामढ़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, विपक्ष के नेता बिहार में वोटर लिस्ट संशोधन का इसलिए विरोध कर रहे हैं क्योंकि घुसपैठिए इनके वोटर हैं।
अमित शाह ने जनसभा में मौजूद लोगों से पूछा, बिहार विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट से घुसपैठियों के नाम हटाए जाएं या नहीं? संविधान भारत में जन्म न लेने वाले व्यक्तियों को वोट डालने का अधिकार नहीं देता।
संविधान लेकर घूम रहे राहुल, पढ़ भी लेना चाहिए- अमित शाह
उन्होंने कहा, राहुल गांधी संविधान की कॉपी लिए यहां वहां घूम रहे हैं, उन्हें इसे खोलकर पढ़ना भी चाहिए। ये लोग सिर्फ इसलिए वोटर लिस्ट संशोधन का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि घुसपैठिए इनके वोट बैंक हैं। शाह ने राहुल गांधी से वोट बैंक की राजनीति बंद करने की भी अपील की।
अमित शाह ने कहा, राहुल गांधी को वोट बैंक की राजनीति बंद कर देनी चाहिए। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन नई प्रक्रिया नहीं है, आपके परदादा जवाहर लाल नेहरू ने ही इसे शुरू किया था। इसके आखिरी बार 2003 में किया गया था। अब आप एक के बाद एक चुनाव हार रहे हैं। इसलिए आप बिहार में भी अपनी हार को एडवांस में ही जस्टिफाई कर रहे हैं।
'यूपीए सरकार में लगातार आतंकी हमले होते थे'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यूपीए सरकार पर भी निशाना साधा। शाह ने कहा, कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में लगातार आतंकी हमले होते थे। लेकिन अब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाला भारत अलग है। हमारे सैनिक आतंकियों को घर में घुसकर मारते हैं। लेकिन राजद और कांग्रेस ऑपरेशन सिंदूर का विरोध करते हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, RJD ने सत्ता में रहते हुए राज्य में गुंडाराज को बढ़ावा दिया। राजद ने बिहार में कुछ नहीं किया। लालू जी जब केंद्र में मंत्री थे, तब बिहार में रेलवे के विकास के लिए 1132 करोड़ रुपये जारी हुए थे। लेकिन हमारी सरकार में एक साल में 10066 करोड़ जारी किए गए। अमित शाह ने भविष्यवाणी की राज्य में इस साल पूर्ण बहुमत से एनडीए नेतृत्व की सरकार बनेगी।

