शाह सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले होम मिनिस्टर: PM बोले- ये तो शुरुआत है..अभी और आगे जाना है
Published:
3 min read

अमित शाह मई 2019 में देश के गृहमंत्री बने थे। फाइल फोटो।
अमित शाह सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले होम मिनिस्टर बन गए हैं। PM मोदी ने शाह की तारीफ करते हुए कहा कि ये तो शुरुआत है। अभी और आगे जाना है। PM की शाह के लिए की गई तारीफ बहुत कुछ बयां करती है।
अमित शाह के पहले लालकृष्ण आडवाणी सबसे ज्यादा अवधि तक गृहमंत्री के पद पर रहे थे। आडवाणी टोटल 2256 दिन इस पद पर थे। अब अमित शाह ने उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
क्या शाह की जिम्मेदारी और बढ़ेगी
मंगलवार को NDA संसदीय दल की बैठक थी। प्रधानमंत्री मोदी मीटिंग की अध्यक्षता कर रहे थे। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मोदी ने मीटिंग में अमित शाह की तारीफ की। उनकी बातों से लगा कि आगे चलकर शाह की जिम्मेदारी बढ़ने वाली है। जाहिर है कि शाह की उम्र अभी सिर्फ 60 साल है।
अमित शाह 6 साल से होम मिनिस्टर
बीजेपी के ही लालकृष्ण आडवाणी मार्च 1998 में होम मिनिस्टर बने थे। वे मई 2004 तक इस पद पर रहे। अमित शाह मई 2019 में देश के गृहमंत्री बने। वे पिछले 6 साल से इस पद पर हैं।

मोदी के पुराने विश्वासपात्र हैं शाह
गौरतलब है कि अमित शाह प्रधानमंत्री मोदी के पुराने विश्वासपात्र हैं। गुजरात में दोनों ने सालों मिलकर काम किया है। 2014 के लोकसभा चुनाव में शाह को यूपी का प्रभार दिया गया था।
उस चुनाव में पार्टी ने सूबे की 80 में से 71 सीटें जीत लीं। शाह के काम की काफी तारीफ हुई थी। उन्हें भाजपा का चाणक्य कहा जाने लगा। इसी साल उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया गया। इसके बाद मोदी के दूसरे टर्म यानी 2019 में उन्हें होम मिनिस्टर बना दिया गया।
PM का इशारा बहुत कुछ कहता है
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एक सीनियर बीजेपी नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि प्रधानमंत्री का बयान शाह के साथ उनके मजबूत संबंधों की पुष्टि करता है। साथ ही, पार्टी में वरिष्ठता को भी स्पष्ट करता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों में पार्टी की वरिष्ठता को लेकर भ्रम रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री का बयान उन सभी अटकलों को पीछे छोड़ता है।
जाहिर है कि बीजेपी में 2014 के बाद से ही 75 साल में रिटायर करने की परंपरा रही है। मोदी इस साल सितंबर में 75 साल के हो जाएंगे। हालांकि, बीजेपी के बड़े नेता बार-बार यही कहते हैं कि मोदी अपना तीसरा कार्यकाल भी पूरा करेंगे। बहरहाल, मोदी का उत्तराधिकारी कौन होगा, इसे लेकर आए दिन कयास लगाए जाते हैं।

