50 से कम हथियार और घुटनों पर आ गया PAK: IAF ने ऑपरेशन सिंदूर के नए विजुअल्स जारी किए; एयर मार्शल तिवारी बोले-कई टारगेट सेट थे, आखिर में 9 चुने गए
Published:
3 min read

एयर मार्शल तिवारी ने कहा- जंग शुरू करना आसान है, लेकिन इसे खत्म करना उतना ही मुश्किल।
ऑपरेशन सिंदूर के तीन महीने बाद भारतीय एयर फोर्स ने ऑपरेशन सिंदूर पर नए विजुअल्स और जानकारी शेयर की है। एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी ने बताया कि भारतीय वायुसेना ने चार दिन की जंग में 50 से कम हथियार दागे और पाकिस्तान सीजफायर के लिए घुटनों पर आ गया। उन्होंने बताया कि सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के पहले दिन कई टारगेट सेट किए थे। लेकिन आखिर में 9 पर हमला किया।
एयर मार्शल तिवारी NDTV के डिफेंस समिट में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने हमले के और हमले के बाद पाकिस्तान को पहुंचे नुकसान के नए विजुअल्स जारी किए। उन्होंने कहा, भारतीय एयरफोर्स ने 50 से कम हथियार दागे और पाकिस्तान को सीजफायर की टेबल पर आना पड़ा।
'जंग शुरू करना आसान'
उन्होंने कहा, हमारे पास हमले के लिए कई टारगेट थे। लेकिन हमने 9 पर हमला किया। हमारे लिए खास बात ये है कि हमने 50 से कम हथियार दागे और हम संघर्ष समाधान में सफल रहे। एयर मार्शल तिवारी ने कहा, जंग शुरू करना आसान है, लेकिन इसे खत्म करना उतना ही मुश्किल। यह बात ध्यान में रखने योग्य है, जिससे हमारी सेनाएं एक्टिव रहें, तैनात रहें और वे किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।
एयर मार्शल तिवारी ने ऑपरेशन सिंदूर में भारत की सफलता का श्रेय वायु कमान और नियंत्रण प्रणाली (IACCS) को दिया, जो अटैक और डिफेंस दोनों में सफल रही। उन्होंने कहा, इसी से भारत शुरुआती हमलों को झेलने और कड़ा जवाब देने में सक्षम रहा। आखिर में पाकिस्तान सीजफायर के लिए तैयार हो गया।
पहलगाम हमले के बाद भारत ने लॉन्च किया ऑपरेशन सिंदूर
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बैसरन घाटी में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमला कर दिया। आतंकियों ने टूरिस्ट्स से धर्म पूछकर गोलियां मारी थीं। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई। हमले की जिम्मेदारी लश्कर ए तैयबा के ही एक ग्रुप TRF ने ली थी।
इसके जवाब में 7 मई को भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाक अधिकृत कश्मीर (POK) और पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला कर दिया। इस हमले में जैश ए मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य और साथी मारे गए। 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हुए।
जवाब में पाकिस्तान ने भी भारत पर हमला किया, लेकिन उन्हें नाकाम कर दिया गया। इसके बाद भारत ने 10 मई को पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। इससे पाकिस्तान के सैन्य संसाधनों को बहुत नुकसान हुआ। इसके बाद पाकिस्तान से भारत से सीजफायर की गुहार लगाई।

