एयर इंडिया के विमान में लगी आग: हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली लैंड हुई थी फ्लाइट, यात्रियों के प्लेन से उतरते वक्त हुआ हादसा
Published:
2 min read

मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिग के बाद एयर इंडिया के प्लेन के एक हिस्से में आग लग गई। विमान के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा है। हालांकि कुछ देर में आग पर काबू पा लिया। सभी क्रू मेंबर और यात्री सुरक्षित हैं।
22 जुलाई को एयर इंडिया फ्लाइट AI 315 हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली पहुंची थी। यात्रियों के उतरने के बाद विमान के ऑक्सीलरी पावर यूनिट (APU) में अचानक आग लग गई।
एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा कि 22 जुलाई को एयर इंडिया फ्लाइट AI 315 हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली आई थी। यात्रियों के उतरने के लिए विमान को पार्क कर दिया गया था। तभी अचानक विमान के प्राथमिक विद्युत यूनिट में आग लग गई। यह हादसा तब हुआ जब सभी यात्री उतरने लगे थे और सिस्टम के डिजाइन के अनुसार APU ऑटोमेटिक बंद हो गया। विमान को कुछ नुकसान हुआ है। हालांकि सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। जांच के लिए एयरक्राफ्ट को ग्राउंड कर दिया गया है।
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DAIL) ने कहा कि आग को बुझा लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
मुंबई एयरपोर्ट पर फिसला था विमान
मुंबई में सोमवार को भारी बारिश की वजह से एयर इंडिया का विमान लैंडिंग के दौरान रनवे पर फिसला था। इस हादसे में विमान के तीनों टायर फट गए थे। विमान का एक इंजन डैमेज हुआ था। रनवे पर को भी काफी नुकसान पहुंचा था। हादसे के बाद एयरपोर्ट ऑथोरिटी ने रनवे को बंद कर दिया था।
एयर इंडिया की फ्लाइट AI2744 ने कोच्चि से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी। हालांकि हादसे में यात्री और क्रू मेंबर को कोई नुकसान नहीं हुआ था।

