एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान का एक इंजन हवा में बंद: इंदौर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई, 161 यात्रियों की जान बाल-बाल बची
Published:
2 min read

शुक्रवार (5 सितंबर) सुबह एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली से इंदौर आ रही फ्लाइट में तकनीकी खराबी आई। ऐसे में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। (फोटो सोर्स: Air IndiaExpress)
नेशनल डेस्क। आज (5 सितंबर) सुबह एक और पैसेंजर विमान हादसे का शिकार होते-होते बच गया। दिल्ली से इंदौर आ रहे इस विमान का एक इंजन हवा में ही बंद हो गया था। इसमें 161 यात्री सवार थे।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट नंबर IX-1104 दिल्ली से 8.28 मिनट पर रवाना हुई थी। वैसे, इसके टेकऑफ का समय सुबह 6.40 होता है। 8.15 तक यह इंदौर पहुंच जाती है। लेकिन आज फ्लाइट 1 घंटा 48 मिनट देरी से रवाना हुई। इसका कारण अब तक पता नहीं चल पाया है।
पायलट ने ATC को भेजा इंजन में खराबी का सिग्नल
दिल्ली से रवाना होने के कुछ देर बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को विमान के एक इंजन में खराबी आने की सूचना दी। इसके ठीक बाद ही ATC ने प्रोटोकॉल के तहत विमान की इमरजेंसी लैंडिग की तैयारी शुरू कर दी। इसके लिए इंदौर एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और CISF की टीम को तैनात कर दिया गया। हालांकि लैंडिंग के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई और यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।
इंदौर एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग 9.54 मिनट पर हुई। विमान फिलहाल रनवे पर ही खड़ा है। तकनीकी टीम इंजन में खराबी की जांच कर रही है। पूरी जांच पड़ताल के बाद ही विमान को वापस दिल्ली भेजा जाएगा।
इसी हफ्ते एक विमान के इंजन में आग लगी थी
5 दिन पहले भी इसी तरह की एक घटना हुई थी। तब दिल्ली से ही इंदौर आ रहे एक विमान में टेकऑफ के ठीक बाद दाहिने इंजन में आग लग गई थी। इसके बाद विमान को फिर से दिल्ली एयरपोर्ट पर ही लैंड कराना पड़ा था। पायलट ने खराब इंजन को बंद कर दूसरे इंजन की मदद से इमरजेंसी लैंडिंग कराई थी।
तीन महीने की तीन और घटनाएं
बीते तीन महीनों में ऐसी तीन घटनाएं हुई हैं। 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रहा पैसेंजर विमान टेकऑफ के ठीक बाद ही क्रैश हो गया था। इसमें 241 लोगों की मौत हुई थी।
22 जुलाई 2025 को हांगकांग से दिल्ली आ रहे विमान की लैंडिंग के बाद एक्सिलरी पावर यूनिट में आग लग गई। इसी तरह 3 अगस्त 2025 को भुवनेश्वर से दिल्ली आ रहे विमान को टेकऑफ से ठीक पहले कैबिन में बढ़े हुए तापमान के कारण उड़ान रद्द करनी पड़ी थी।

