डकैती-हत्या के मामले में 70 साल की महिला गिरफ्तार: 16 साल तक गांव-शहर बदलती रही; केस में बेटे सजा भी काट चुके; दो दोषी अभी भी जेल में बंद
Published:
3 min read

डकैती-हत्या मामले में आरोपी जमना को अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस ने 16 साल बाद गिरफ्तार किया।
अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस ने 16 साल पुराने डकैती-हत्या के मामले में 70 साल की महिला को गिरफ्तार किया है। महिला को अहमदाबाद के असलाली में उसकी बेटी के घर से अरेस्ट किया गया। महिला 16 साल पुराने डकैती और हत्या के मामले में आरोपी है। इस मामले में उसके पति-बेटे समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन 8 आरोपियों में से कुछ तो सजा पूरी करके जेल से बाहर भी आ गए।
पुलिस 16 साल से आरोपी महिला जमना की तलाश में जुटी है। लेकिन जमना पुलिस से बचकर एक गांव से दूसरे गांव, एक शहर से दूसरे शहर भागती रही। इस मामले में कोर्ट 7 को दोषी ठहरा चुकी है। इनमें से दो अभी जेल में हैं, बाकी सजा काटकर बाहर भी आ गए।
कपल से लूट की, लॉन्ड्री बैट से पीटा
पुलिस के मुताबिक, घटना 16 साल पहले की है। उस वक्त राजेश और उसकी पत्नी दक्षा अहमदाबाद के घाटलोदिया से किसी रिश्तेदार के यहां से अंतिम संस्कार के बाद वापस अपने घर जा रहे थे। रास्ते में कामोद और इंदिरानगर के बीच करीब रात 10 बजे उनपर एक गिरोह के कुछ लोगों ने हमला कर दिया। पहले उनका रास्ता रोका और फिर लॉन्ड्री बैट से उन पर कई बार हमला किया गया। इस दौरान कपल गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद गिरोह के सदस्य पैसे, गहने और फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने घायल कपल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान राजेश की मौत हो गई।
मामले में 9 के खिलाफ FIR दर्ज
लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) के सब इंस्पेक्टर आर.बी. राठौड़ ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि इस मामले में नौ आरोपी शामिल थे। इनमें से आठ को गिरफ्तार कर लिया गया था। ट्राइल कोर्ट ने सात आरोपियों को डकैती या हत्या के मामले में दोषी पाया और उन्हें सात साल की कैद से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा सुनाई। एक आरोपी को बरी भी कर दिया गया। जमना कभी गिरफ्तार नहीं हुई, वह 16 साल तक फरार रही।
कोरोना के समय जमना के पति की मौत
सब इंस्पेक्टर राठौड़ ने बताया कि इस केस में जमुना इधर-उधर भागती रही। उधर, कोरोना के दौरान उसके पति अर्जन की मृत्यु हो गई। इसके साथ ही उसके दो बेटे सजा काटकर बरी भी हो गए। अन्य दो लोगों में से एक को अजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आगे बताया कि जमना को गिरफ्तार करने में 16 साल समय लग गया, क्योंकि वह इधर-उधर भारती रही। इस दौरान जमना राजकोट, सूरत और कई अन्य शहरों में रही। पीड़ित महिला (दक्षा) ने असलाली पुलिस थाने में FIR दर्ज कराई थी। इस मामले में जमना और आठ अन्य लोगों के खिलाफ IPC की धारा 302 , 395 , 397 और 400 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

