अहमदाबाद प्लेन क्रैश: जांच रिपोर्ट पर भड़के विक्टिम्स के घरवाले; कहा- पता था दोष पायलट पर मढ़ा जाएगा, मुआवजा नहीं..सही रिपोर्ट दीजिए
Published:
3 min read

12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया का प्लेन क्रैश हो गया था।
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में मारे गए लोगों के परिजन शुरुआती जांच रिपोर्ट पर भड़क गए हैं। उन्होंने कहा कि इसे कवर अप करने की कोशिश की गई है। दरअसल, 12 जुलाई को एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि फ्यूल स्विच बंद होने से प्लेन क्रैश हो गया।
अब हादसे में मारे गए एक ब्रिटिश नागरिक के रिश्तेदार ने कहा कि रिपोर्ट गलत है, मैं इसे नहीं मानता। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट में जानबूझकर पायलट को दोषी ठहराने की कोशिश हो रही है, जबकि वे अपने बचाव के लिए इस दुनिया में ही नहीं हैं।
‘मुआवजा नहीं चाहिए, कोर्ट में घसीटूंगा’
ब्रिटिश नागरिक अकील नानाबावा पत्नी और बेटी सहित इस हादसे में मारे गए थे। उनके साले अमीन सिद्दीकी ने टेलीग्राफ से कहा- मुझे मुआवजे वाली रकम भी नहीं चाहिए। मैं हादसे की जिम्मेदार कंपनियों को कोर्ट में घसीटूंगा। पायलट को दोषी ठहराने की क्या जरूरत है। वे अपने बचाव के लिए इस दुनिया में नहीं हैं।
‘टेक्निकल फॉल्ट क्यों नहीं दिख रहा’
एक और विक्टिम के रिलेटिव ने कहा- हम पहले से ही अंदाजा लगा रहे थे कि वे पायलट को दोषी ठहराएंगे। उन्हें एयरक्राफ्ट में टेक्निकल फॉल्ट क्यों नहीं दिखता। अमेरिकी एविएशन रेगुलेटर ने 2018 में ही फ्यूल स्विच लॉकिंग फीचर की खराबी को लेकर एडवाइजरी जारी की थी। क्या इस एडवाइजरी को सीरियसली नहीं लेना चाहिए था?
‘बोइंग की गलती हो सकती है’
एक विक्टिम के बेटे ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा- ऐसा नहीं लगता कि इसमें पायलट की गलती है। यह बोइंग के स्विच डिजाइन की गलती हो सकती है। ये भी हो सकता है कि एयर इंडिया की मेंटेनेंस में कोई कमी हो। एयर इंडिया मुआवजा दे रही है, लेकिन हमें सही रिपोर्ट चाहिए। हम सच जानना चाहते हैं, ताकि भविष्य में कभी ऐसी दुर्घटना न हो।

रिपोर्ट में कहा गया- दोनों पायलट कन्फ्यूज हुए
12 जून को अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया प्लेन क्रैश में AAIB (Aircraft Accident Investigation Bureau) की 15 पन्नों की रिपोर्ट 12 जुलाई को सामने आई। AAIB ने पहली जांच रिपोर्ट में कहा, ‘टेक ऑफ के तुरंत बाद फ्लाइट के दोनों इंजन तक फ्यूल पहुंचाने वाले स्विच दोनों पायलट के कन्फ्यूजन के चलते कट ऑफ हो गए। इससे विमान क्रैश हो गया। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि एक पायलट ने दूसरे पायलट से पूछा था कि तुमने फ्यूल बंद क्यों किया। हालांकि, दूसरे ने जवाब दिया कि उसने ऐसा नहीं किया।
हादसे में 275 लोग मारे गए
12 जून को अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 उड़ाने भरने के 1 मिनट के अंदर क्रैश हो गई। विमान में पायलट और क्रू मेंबर सहित 242 लोग सवार थे। एक को छोड़कर सभी मारे गए।
टेक ऑफ करते ही प्लेन शहर के मेघानीनगर इलाके में बी.जे. मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स हॉस्टल की बिल्डिंग से टकरा गया था। इससे प्लेन में आग लग गई। प्लेन में काफी सारा फ्यूल था, जिसकी वजह से चंद सेकेंड में इसके परखच्चे उड़ गए। जब प्लेन हॉस्टल से टकराया, तब वहां भी काफी सारे जूनियर डॉक्टर मौजूद थे। इस हादसे में टोटल 275 लोग मारे गए।

