अहमदाबाद में 10वीं के स्टूडेंट की हत्या: भीड़ ने प्रिंसिपल को पीटा; आरोप- स्कूल एडमिनिस्ट्रेशन ने वक्त पर एंबुलेंस नहीं बुलाई
Published:
2 min read

घटना अहमदाबाद के एक प्राइवेट स्कूल 'सेवेंथ डे स्कूल' की है। जिस छात्र की मौत हुई, वो 10वीं क्लास में था। बुधवार को स्कूल के बाहर हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया। क्रेडिट- ANI
अहमदाबाद के एक स्कूल में 9वीं के स्टूडेंट ने 10वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना 19 अगस्त की है। मामला शुरू तो एक छोटे झगड़े से हुआ था, लेकिन बाद में आरोपी ने स्कूल के बाहर अपने सीनियर को चाकू मार दी।
घायल छात्र को पास के एक अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल, आरोपी छात्र को हिरासत में लिया गया है।
स्कूल के अंदर तोड़फोड़, प्रिंसिपल पर हमला
स्टूडेंट की मौत के बाद बुधवार को स्कूल के बाहर हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने स्कूल के अंदर तोड़फोड़ की। स्कूल की खिड़कियां और दरवाजे तोड़ दिए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिंसिपल सहित कई स्टाफ पर भीड़ ने हमला भी किया। यहां तक की स्कूल पार्किंग में जो गाड़ियां खड़ी थीं, उसे भी नुकसान पहुंचाया।
मौके पर पुलिस फोर्स की तैनाती करनी पड़ी। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
पेरेंट्स का आरोप- समय पर एंबुलेंस नहीं बुलाया
पेरेंट्स का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने इस मामले में बहुत लापरवाही बरती। उन्होंने समय पर एंबुलेंस नहीं बुलाया। इसी वजह से स्टूडेंट की मौत हो गई। पेंरेंट्स का यह भी कहना है कि आरोपी स्टूडेंट ने बाहर से 8-10 लड़कों को बुला लिया था। स्कूल प्रशासन को सिक्योरिटी पर ध्यान देना चाहिए था।

