हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की हत्या: स्कूटी पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था, 2 आरोपी गिरफ्तार
Published:
2 min read

घटना CCTV में कैद हुई है। जब आरोपी आसिफ पर हमला कर रहे थे।
एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की दिल्ली में देर रात हत्या कर दी गई। निजामुद्दीन इलाके में देर रात स्कूटी पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक धारदार हथियार भी बरामद किया है।
यह घटना गुरुवार रात 10 बजे हुई। आसिफ कुरैशी ने अपने घर के सामने स्कूटर पार्क करने के लिए मना किया। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोपी उन्हें धमकी देकर वापस आया।
पार्किंग विवाद खूनखराबे में बदला
आसिफ की पत्नी शाहीन ने बताया कि मेरे पति ने घर के सामने स्कूटर को पार्क करने के लिए मना किया था। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ गालीगलौज की। कुछ देर बाद आरोपी अपने भाई के साथ आया और धारदार हथियार से आसिफ पर हमला कर दिया। मैंने अपने देवर जावेद को कॉल किया। उनके आने से पहले बहुत खून बह गया। बाद में आसिफ को ईस्ट कैलाश के नेशनल हार्ट इंस्टिट्यूट ले जाया गया। जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर्स ने कहा कि उनकी आधे घंटे पहले ही मौत हो चुकी है। आसिफ की पत्नी का आरोप है कि इससे पहले भी आरोपियों ने उनके पति को मारने की कोशिश की थी।
पति को बचाती दिखी पत्नी
इस वारदात का CCTV भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि किसी बात पर आरोपी गुस्से में आकर आसिफ कुरैशी पर हमला करते हुए दिख रहे हैं। दोनों आरोपियों में से एक के हाथ में तेजधार हथियार है और वह आसिफ कुरैशी पर ताबड़तोड़ हमला कर रहा है। कुछ लोग मामले को शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं। आसिफ की पत्नी भी बीच-बचाव करती हुई दिख रही है।
हुमा कुरैशी के पिता ने जताया दुख
हुमा कुरैशी के पिता सलीम कुरैशी ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि 2 व्यक्ति घर के सामने स्कूटर पार्क करते हैं, आसिफ उनसे कहीं और पार्क करने के लिए कहता है, क्योंकि घर का रास्ता बंद हो जाता है। वह दो आरोपी थे, उन्होंने मेरे भतीजे के मार दिया।
पुलिस ने उज्जवल और गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर BNS के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। बता दें, 42 साल के आसिफ कुरैशी की चिकन शॉप थी।

