प्राइवेट पायलट बने अभिनंदन: मार्च में रिटायर हुए थे; 2019 में पाकिस्तानी F-16 विमान गिराया था
Published:
2 min read

वीर चक्र से सम्मानित अभिनंदन ने अगस्त 2026 में प्राइवेट एयरलाइन जॉइन की। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. 2019 में पाकिस्तानी फाइटर जेट F-16 को मार गिराने वाले पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान ने इंडियन एयरफोर्स में 22 साल सेवा के बाद अब गोवा की एक प्राइवेट एयरलाइन जॉइन की है। वह इंडियन एयरफोर्स में ग्रुप कैप्टन थे और वीर चक्र से सम्मानित भी हुए थे।
वर्तमान 31 मार्च 2026 तक एयरफोर्स में थे। रिटायरमेंट के बाद अगस्त में उन्होंने यह प्राईवेट एयरलाइन जॉइन की। अभी वह कमर्शियल पायलट की ट्रेनिंग ले रहे हैं।
F-16 गिराकर चर्चा में आए थे
2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुई झड़प में उन्होंने पाकिस्तानी फाइटर जेट F-16 को मार गिराया था, लेकिन उनका MIG-21 जेट भी चपेट में आ गया था, इसके बाद उन्होंने इजेक्ट कर लिया था। पैराशूट के जरिए वह पाकिस्तान की धरती पर उतरे। उन्हें गिरफ्तार किया गया।
डिप्लोमैटिक चैनल्स के जरिए बातचीत हुई और बाद में अभिनंदन को करीब 60 घंटे बाद भारत को सौंपा गया।
यह खबर भी पढ़ें-
राष्ट्रपति के ADC रहे मेजर ने 30 साल की उम्र में ली रिटायरमेंट : जानिए कौन हैं ऋषभ सिंह सांब्याल; सोशल मीडिया पर हुए एक्टिव
अभी ट्रेनिंग कर रहे अभिनंदन
एयरलाइन FLY91 ने कहा- अभिनंदन अभी गोवा-हैदराबाद रूट पर ट्रेनिंग ले रहे हैं। एक बार ट्रेनिंग पूरी होने और रेगुलेटरी से क्लियरेंस मिलने के बाद वह छोटे एयरक्राफ्ट ऑपरेट करेंगे।
FLY91 ने अभिनंदन के एयरलाइन से जुड़ने की बात कही है, लेकिन उन्होंने अभिनंदन की ट्रेनिंग और फ्लाइंग प्रोग्राम की जानकारी नहीं दी है। कंपनी के मुताबिक, अभिनंदन अपनी कोई भी पर्सनल और प्रोफेशनल जानकारी शेयर नहीं करना चाहते हैं।
पुलवामा हमले के बाद भारत ने की थी स्ट्राइक
2019 में पुलवामा आतंकी हमले में CRPF के 40 जवान शहीद हुए थे। इसके बाद पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों पर स्ट्राइक की गई। सरकार की तरफ से कहा गया था कि स्ट्राइक बालाकोट में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के कैम्प पर की गई।
स्ट्राइक के दूसरे दिन पाकिस्तानी एयरफोर्स और इंडियन एयरफोर्स के बीच झड़प हुई। इस झड़प में ग्रुप कैप्टन अभिनंदन ने पाकिस्तानी F-16 फाइटर जेट को मार गिराया था। बाद में पाकिस्तानी फाइटर जेट का पीछा करने के दौरान उनके फाइटर जेट MIG-21 से एक मिसाइल टकरा गई थी।
अभिनंदन को वीर चक्र से सम्मानित किया गया। यह तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है। डॉगफाइट के दौरान उन्होंने कर्तव्य की असाधारण भावना दिखाई थी।

