रेप के आरोपी फरार AAP MLA ने वीडियो जारी किया: कहा- मेरे फर्जी एनकाउंटर की प्लानिंग थी, पुलिस का फायरिंग से जुड़ा दावा झूठा
Published:
3 min read

हरमीत सिंह पठानमाजरा पटियाला के संनौर क्षेत्र से विधायक हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भारी अंतर से जीत हासिल की थी।(फाइल फोटाे)
नेशनल डेस्क। फरार चल रहे पंजाब के AAP MLA हरमीत सिंह पठानमाजरा ने गुरुवार को अनजान लोकेशन से वीडिया जारी किया। दावा किया कि पंजाब पुलिस मेरा फर्जी एनकाउंटर करने वाली है। पठानमाजरा को पटियाल पुलिस ने 2 सितंबर को रेप के आरोप में गिरफ्तार किया था। हालांकि, वह पुलिस पर फायरिंग कर फरार हो गए थे। इस बीच पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने MLA को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
मेरा स्टेज्ड एनकाउंटर तय था- पठानमाजरा
पठानमाजरा ने कहा- मेरे सूत्रों ने बताया कि मेरा स्टेज्ड एनकाउंटर तय था। आठ SP, आठ DSP, पांच SHO और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट बिक्रम बराड़ को एक MLA को पकड़ने भेजा गया था। मैं पुलिस का सम्मान करता हूं लेकिन झूठे दावों से निराश हूं। पुलिस ने झूठ फैलाया कि गिरफ्तारी के दौरान पथराव और फायरिंग हुई।
पुलिस के दावों पर सवाल उठे
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को हरियाणा के करनाल जिले में MLA के रिश्तेदार के घर छापेमारी की गई थी। इस दौरान ग्रामीणों ने पथराव और फायरिंग की। हालांकि, टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, करनाल सदर थाने के SI श्रीभगवान ने कहा- ना कोई पथराव हुआ, ना ही गोली चली। पटियाला पुलिस ने हमें रेड की जानकारी भी नहीं दी। ऐसे में पुलिस के दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

फरार विधायक रेप के आरोपी
बता दें कि पठानमाजरा के खिलाफ पटियाला सिविल लाइंस थाने में रेप, धोखाधड़ी और धमकी के आरोप में केस दर्ज है। शिकायत करने वाली महिला ने पहले से शादीशुदा होने के बावजूद शादी करने, अश्लील तस्वीरें खींचने और धमकाने का आरोप लगाया है। मंगलवार को पुलिस ने विधायक के करीबी बलविंदर सिंह को अरेस्ट किया था।उससे तीन पिस्तौलें बरामद हुईं। DIG कुलदीप चहल ने कहा था- विधायक फरार हैं और हम उनकी तलाश में जुटे हैं।
अपने खिलाफ साजिश की बात कही
विधायक ने वीडियो और पहले किए फेसबुक लाइव में दावा किया कि दिल्ली की AAP लीडरशिप से मतभेद के कारण उन्हें फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा—मेरी सिक्योरिटी हटाना और FIR दर्ज करना बदले की कार्रवाई है, क्योंकि मैंने बाढ़ प्रबंधन पर सरकार की आलोचना की थी। वहीं पुलिस चुप है और AAP हाईकमान ने भी अब तक इस पर कोई बयान नहीं दिया है।
कौन हैं हरमीत पठानमाजरा
हरमीत सिंह पठानमाजरा 46 साल के हैं। वह पटियाला के संनौर क्षेत्र से विधायक हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भारी अंतर से जीत हासिल की थी। अकाली दल से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले पठानमाजरा कई पार्टियों में रहे। 2020 में वह AAP में शामिल हुए। वह अक्सर जनता के मुद्दों और सरकारी कामकाज पर सवाल उठाते रहे हैं। हाल ही में पंजाब में बाढ़ मैनेजमेंट को लेकर उन्होंने सरकार और सिंचाई विभाग के अफसरों पर सवाल उठाए थे।

