तेजस ट्रेन में खराब खाना परोसने की शिकायत: संजय सिंह की पत्नी बोलीं- पनीर बासी, दाल की जगह सिर्फ पानी मिला; IRCTC का जवाब- किसी और ने शिकायत नहीं की
Published:
2 min read

आप सांसद संजय सिंह की पत्नी ने तेजस ट्रेन में खराब खाना परोसने की शिकायत की
AAP नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की पत्नी अनिता सिंह ने तेजस एक्सप्रेस में खराब खाना परोसने का आरोप लगाया है। वे 7 जुलाई को तेजस ट्रेन से यात्रा कर रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि रोटी पापड़ जैसी सख्त, पनीर बासी और दाल की जगह सिर्फ पानी परोसा गया। इन आरोपों पर IRCTC ने जवाब दिया कि किसी और यात्री ने खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायत नहीं की।
अनिता सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रेलमंत्री अश्विनी वैश्नव को टैग करते हुए एक पोस्ट की थी। इसमें उन्होंने लिखा, PNR No 2338310371 तेजस एक्सप्रेस में मिला खाना बेहद घटिया था। रोटी पापड़ जैसी सख्त, पनीर बासी और दाल की जगह सिर्फ पानी परोसा गया। क्या यही है रेलवे की “वर्ल्ड क्लास” सेवा है? यात्रियों की सेहत से खिलवाड़ बंद हो। उन्होंने रेल मंत्री से मामले में जल्द संज्ञान लेने की भी अपील की।
IRCTC ने दिया जवाब
IRCTC ने जवाब में कहा कि खाना परोसने से पहले जांच की जाती है। ट्रेन में सवार किसी अन्य यात्री ने खाने की गुणवत्ता खराब होने को लेकर शिकायत नहीं की है। ट्रेन में उपलब्ध टीम ने आपकी सेवा की और भोजन के बदले में अतिरिक्त भोजन भी दिया। फिर भी प्रतिक्रिया को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्ता को और बेहतर करने के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी को नियुक्त किया गया है। इस समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।

