'मम्मी ने दो पैग पिए और अंकल के साथ मिलकर पापा का गला दबा दिया': 8 साल के बच्चे ने खोला राजस्थान नीले ड्रम केस का राज; पति की हत्या के आरोप में महिला-प्रेमी हिरासत में
Published:
3 min read

मृतक हंसराज उर्फ (सूरज) और पत्नी सुनीता।
राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में 17 अगस्त को नीले ड्रम में लाश मिलने से हड़कंप मच गया था। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी सुनीता और उसके प्रेमी जितेंद्र को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र के घर पर ही मृतक सूरज किराए से रहता था। सुनीता और जितेंद्र का प्रेम संबंध था, दोनों ने मिलकर पति की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, सूरज और सुनीता के 8 साल के बेटे हर्षल ने हैरान करने वाले खुलासे किए हैं। हर्षल ने पुलिस को बताया- मां और जितेंद्र ने गला दबाकर पापा की हत्या कर दी। पापा, मम्मी और अंकल जितेंद्र हत्या वाली रात एक साथ शराब पी रहे थे। मम्मी ने 2 पैग पिए, अंकल और पापा ने ज्यादा पी। पापा मम्मी को मारने लगे तो जितेंद्र अंकल ने बचाया। सुनीता ने बच्चों के सोने भेज दिया।
बच्चे ने बताया कि जब उसकी नींद खुली तो पापा बेड पर पड़े थे। अंकल जितेंद्र और मम्मी पास में खड़े थे। बच्चे ने ये भी बताया कि उसके पापा (सूरज) मम्मी के साथ मारपीट करते थे। बीड़ी पीकर जलाते थे। 15 अगस्त को मुझ पर भी हमला किया था।
हत्या के बाद से फरार थे दोनों
सुनीता और जितेंद्र हत्या के बाद से फरार थे। दोनों अपने साथ बच्चों को लेकर भी गए थे। फरारी के दौरान रामगढ़ के पास अलावड़ा में ईंट भट्टे पर मजदूरी के लिए पहुंचे थे। मीडिया में फोटो सामने आने के बाद लोगों ने दोनों को पहचान लिया और पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक हंसराज उर्फ सूरज उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर का रहने वाला है। वह खैरथल तिजारा के किशनगढ़ बास स्थित आदर्श कॉलोनी के एक मकान में पत्नी और तीन बच्चों के साथ किराये से रहता था। उसकी गला रेतकर हत्या कर शव को नीले ड्रम में डाल दिया गया और लाश को सड़ाने के लिए नमक डाल दिया गया था।
जितेंद्र की पत्नी का 12 साल पहले हो गया था निधन
DSP राजेश कुमार ने बताया, सूरज एक महीने पहले ही जितेंद्र के घर में रहने आया था। सूरज ईंट भट्टे पर काम करता था। सूरज और मकान मालिक के बेटे जितेंद्र अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे। जितेंद्र की पत्नी का 12 साल पहले निधन हो गया था। एक रोज मकान मालकिन किसी काम से छत पर गई तो कुछ सड़ने की बदबू आ रही थी, इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।
मेरठ में हो चुकी है नीले ड्रम की घटना
मार्च 2025 में UP के मेरठ में इसी तरह की घटना हुई थी। पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद लाश नीले ड्रम में डाल कर उसके ऊपर रेत सीमेंट का घोल डाल दिया था। इस घटना के बाद नीले ड्रम को लेकर चर्चा होना शुरू हुई। सोशल मीडिया पर भी नीले ड्रम के मीम्स जमकर वायरल हुए।

