ट्रेन से 56 युवतियों का रेस्क्यू: बेंगलुरु में नौकरी का वादा, बिना टिकट पटना की ट्रेन में बैठाया; हाथ पर कोच-सीट नंबर लिखा; दो गिरफ्तार
Published:
2 min read

रेस्क्यू की गई 56 युवतियां (AI generated Image)
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्टेशन से 56 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। इन सभी को बेंगलुरु में नौकरी का झांसा देकर पटना ले जाया जा रहा था। चौंकाने वाली बात ये है कि इन युवतियों के पास न टिकट था और न ही इन्हें पता था कि ये कहां जा रही हैं। इनके हाथ पर कोच और बर्थ नंबर लिखा गया था। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस इस मामले को मानव तस्करी से जुड़ा मान रही है। इन सभी को सोमवार देर रात जलपाईगुड़ी स्टेशन से रेस्क्यू किया गया। इन युवतियां की उम्र 18-31 साल है। इन्हें न्यू जलपाईगुड़ी-पटना कैपिटल एक्सप्रेस से ले जाया जा रहा था। इनमें से किसी के पास टिकट नहीं था। युवतियां जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिले की रहने वाली हैं।
एक साथ इतनी लड़कियों पर टिकट न होने से खुला राज
समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया, RPF के जवान ट्रेन में रूटीन चेकिंग कर रहे थे। तभी एक साथ इतनी युवतियों के यात्रा करने और बिना टिकट होने पर शक हुआ। इनके हाथ में कोच और बर्थ नंबर लिखे थे। इसके बाद उनसे पूछताछ की गई। इस दौरान उन्होंने बताया कि वे नौकरी के लिए बेंगलुरु जा रही हैं। हालांकि, ये ट्रेन बेंगलुरु नहीं बल्कि पटना जा रही थी। इसे लेकर उन युवतियों को कोई जानकारी भी नहीं थी।
एक महिला और एक पुरुष गिरफ्तार
अधिकारियों के मुताबिक, युवतियों से पूछताछ के आधार पर ट्रेन से ही एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के पास से नौकरी से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिले। जीआरपी और आरपीएफ मिलकर मानव तस्करी और अन्य एंगल से मामले की जांच कर रही है। इधर लड़कियों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है।

