500 रुपए रिश्वत देना बुरा लगा था, अब खुद इसी में फंसे: IPS अफसर पर 1 करोड़ की घूस लेने का आरोप, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पुराना वीडियो
Published:
3 min read

राहुल बंसल पर ठगी के मामले में हवाला के जरिए 1 करोड़ रिश्वत लेने का आरोप लगा है।
नेशनल डेस्क। छत्तीसगढ़ कैडर के एक ट्रेनी IPS अफसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह एक ऐसा किस्सा बताते हुए नजर आ रहे हैं, जब उन्हें एक सरकारी डॉक्यूमेंट बनवाने के लिए 500 रुपए की रिश्वत देनी पड़ी थी। यह वीडियो काफी पुराना है। लेकिन इसके अब वायरल होने की वजह बड़ी दिलचस्प है।
दरअसल, वीडियो में अफसर यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि जब उन्हें रिश्वत देनी पड़ी थी तो उन्हें बेहद बुरा लगा था। अब उसी अफसर पर एक करोड़ रुपए की रिश्वत लेने का आरोप लगा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स इस युवा अफसर की खूब ट्रोलिंग कर रहे हैं।
वीडियो में क्या है?
राहुल बंसल ने सिविल सर्विस में आने से पहले एक मॉक इंटरव्यू में बताया था कि उनके भाई को जरूरी काम से अमेरिका जाना था और इसके लिए जन्म प्रमाण पत्र की जरूरत थी। जल्दी दस्तावेज बनवाने के लिए पंचायत के एक कर्मचारी ने उनसे 500 रुपए रिश्वत मांगी थी। इस पर बंसल ने इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें यह रिश्वत देते हुए बहुत बुरा लगा था।
इस वीडियो में वह सिस्टम में भ्रष्टाचार और काम में देरी जैसी समस्याओं पर बात करते दिखते हैं। वह यह भी कहते हैं कि कुछ अधिकारियों की वजह से पूरे सिस्टम को गलत नहीं ठहराया जा सकता।
अब क्या हुआ?
ट्रेनी IPS राहुल बंसल पर ठगी के मामले में हवाला के जरिए 1 करोड़ रिश्वत लेने का आरोप लगा है। CBI कोर्ट दिल्ली में यह शिकायत दर्ज हुई है। केस से जुड़े मामले में कोर्ट को व्हाट्सऐप चैट और ऑडियो क्लीप भी सौंपे गए हैं। आरोप है कि अंबिकापुर साइबर सेल में पदस्थ ASI प्रवीण कुमार राठौर और कॉन्स्टेबल अंशुल शर्मा के जरिए रिश्वत का सौदा किया गया। रकम हवाला ऑपरेटरों के जरिए पहुंचाई गई। इस पूरे मामले में छत्तीसगढ़ DGP को भी नोटिस जारी किया गया है।
हालांकि, रिश्वत लेने का आरोप अभी साबित नहीं हुआ है और मामले की जांच जारी है। लेकिन उनके पुराने वीडियो में कही गई बात और अब उन पर लगे आरोपों में आ रहे विरोधाभास को लेकर सोशल मीडिया पर राहुल बंसल ट्रेंड कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें...

