25 जुलाई की बड़ी खबरें: चुनाव आयोग का पूरे देश में SIR कराने का ऐलान, खड़गे बोले- बीजेपी को लोकतंत्र से चिढ़; मणिपुर में राष्ट्रपति शासन 6 महीने बढ़ाया गया
Published:
1 min read

संसद का मानसून सत्र चल रहा है। सदन में बिहार वोटर लिस्ट संशोधन को लेकर विपक्ष जमकर हंगामा कर रहा है। शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने SIR लिखे पोस्टर फाड़े। इसके बाद सदन के बाहर जमकर नारेबाजी की। उधर, चुनाव आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त कर दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिटेन का दौरान खत्म करके मालदीव पहुंच गए हैं। पढ़ें 25 जुलाई की सभी बड़ी खबरें...
मणिपुर में राष्ट्रपति शासन 6 महीने बढ़ाया गया
मणिपुर में राष्ट्रपति शासन को 6 महीने बढ़ा दिया गया है। मणिपुर में जारी हिंसा के चलते 9 फरवरी को सीएम बीरेन सिंह ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 13 फरवरी को राष्ट्रपति शासन लगाया गया था। यह 13 अगस्त तक था। ऐसे में अब इसे 13 अगस्त से 6 महीने और बढ़ा दिया गया है।
कमल हासन ने राज्यसभा सांसद के तौर पर ली शपथ
कमल हासन ने राज्यसभा के सदस्य पद की शपथ ली। वे डीएमके के समर्थन से राज्यसभा पहुंचे। कमल हासन ने 2017 में मक्कल निधि मय्यम पार्टी का गठन किया था। 2019 में उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव लड़ी। इसमें उन्हें 4 प्रतिशत वोट मिले। 2021 में भी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी मैदान में उतरी। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी के उम्मीदवारों को नहीं उतारा था और डीएमके का समर्थन किया था। माना जा रहा है कि 2026 के विधानसभा चुनाव में वे डीएमके के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
SIR के विरोध में पटना विधानसभा में भी हंगामा
बिहार SIR पर पटना विधानसभा में भी हंगामा जारी है। राजद नेता और पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने कहा, यह बिहार की जनता का सवाल है। हम विरोध करेंगे। ये गरीबों का सवाल है। जो 4 करोड़ लोग बाहर गए हैं, उनका क्या होगा। ये वोट की चोरी है।
झालावाड़ स्कूल हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के स्कूल की छत गिरने की घटना पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, राजस्थान के झालावाड़ स्थित एक स्कूल में हुई दुर्घटना दुखद है। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।
विपक्ष के हंगामे के बाद लोकसभा 2 बजे तक स्थगित।
पूरे देश में वोटर लिस्ट रिवीजन करेगा चुनाव आयोग
चुनाव आयोग ने गुरुवार को बड़ा ऐलान किया। आयोग ने आदेश जारी कर कहा कि पूरे देश में वोटर लिस्ट रिवीजन शुरू करने का फैसला लिया गया है। आयोग ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य वोटर लिस्ट की सटीकता सुनिश्चित करने के अपने संवैधानिक कर्तव्य को पूरा करना है। चुनाव आयोग ने ये ऐलान ऐसे वक्त पर किया, जब बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन को लेकर दिल्ली तक घमासान मचा है। विपक्ष इस मुद्दे पर चुनाव आयोग और मोदी सरकार पर जमकर निशाना साध रहा है। इस मुद्दे पर संसद में भी काफी हंगामा हुआ है। विरोध प्रदर्शनों ने चलते चार दिन से संसद नहीं चल पाई है।
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त
भारत निर्वाचन आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की।
दो दिन की यात्रा पर मालदीव पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिन की यात्रा पर शुक्रवार सुबह मालदीव पहुंचे। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू उन्हें एयरपोर्ट पर रिसीव करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एक-दूसरे को गले लगाकर अभिवादन किया। पीएम मोदी को एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मालदीव में मौजूद भारतीय लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाकर पीएम मोदी का स्वागत किया।
भाजपा को भारत के संविधान और लोकतंत्र से चिढ़- खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, चुनाव आयोग ने आज आधिकारिक एलान किया है कि वह Special Intensive Revision (SIR) Exercise पूरे देश में लागू करेगा। मोदी सरकार गरीबों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्ग, अल्पसंख्यकों और वंचितों के वोट काटना चाहती है, ताकि वो भारत के संविधान को मनुस्मृति के मुताबिक बदलाव कर सके। RSS-BJP हमेशा से ही समाज के कमज़ोर तबकों का वोटिंग के अधिकार से वंचित रखना चाहती थी, और अब SIR के इस्तेमाल से वो अपनी बरसों पुरानी मंशा पूरा करने पर उतारू है। ये बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था 'वोटबंदी' के इस षड्यंत्र में BJP-RSS का साथ दे रही है। पूरे देश ने देखा है कि बिहार में चुनाव आयोग के BLOs किस तरह बैठकर अपने ही लोगों से फ़ार्म भरवाए जा रहें हैं, ताकि समाज के वंचित तबके से वोटिंग का अधिकार छीना जाए। अब यही काम चुनाव आयोग पूरे देश में करेगा। भाजपा को भारत के संविधान और लोकतंत्र से चिढ़ है। रोजाना वो बाबासाहेब डॉ आंबेडकर और पंडित नेहरू के बनाये हुए संविधान पर आक्रमण करने के नित नये तरीक़े इजात करती है।

