राहुल गांधी के घर के बाहर प्रदर्शन: 1984 दंगा पीड़ितों के परिवारों ने माफी की मांग की; सज्जन कुमार को हीरो बताने पर आपत्ति
Published:
2 min read

दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के एक नेता ने कहा- कांग्रेस को यह साफ करना चाहिए कि क्या वह 1984 के सिख-विरोधी दंगों में दोषी ठहराए गए सज्जन कुमार को हीरो मानती है।
नेशनल डेस्क. दिल्ली में शनिवार को 1984 के सिख-विरोधी दंगों से प्रभावित परिवारों के सदस्यों ने राहुल गांधी के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। यह लोग कांग्रेस के कुछ नेताओं के सज्जन कुमार को कथित तौर पर रोल मॉडल बताने वाले बयानों से नाराज हैं।
गुरुवार को कांग्रेस के पूर्व नेता सज्जन कुमार का जेल में मौत हुई है। उन्हें 1984 के सिख-विरोधी दंगों से जुड़े एक मामले में दोषी ठहराया गया था।
राहुल गांधी के घर के बाहर भारी पुलिस तैनात
दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (DSGMC) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका प्रदर्शनकारियों के साथ राहुल गांधी के घर के बाहर पहुंचे। भारी पुलिस बैरिकेडिंग के बीच प्रदर्शन किया। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, DSGMC के एक नेता ने कहा- कांग्रेस को यह साफ करना चाहिए कि क्या वह 1984 के सिख-विरोधी दंगों में दोषी ठहराए गए सज्जन कुमार को हीरो मानती है।
यह खबर भी पढ़ें-
पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार का निधन: 1984 सिख विरोधी दंगों के दोषी थे; तिहाड़ में उम्रकैद काट रहे थे
'कांग्रेस सिख समुदाय से माफी मांगे'
नेता ने कहा- सज्जन कुमार की मौत के बाद कांग्रेस नेताओं ने जो बयान दिए हैं कि सज्जन कुमार हमारे हीरो हैं, वो आपत्तिजनक है। राहुल गांधी को आज यह साफ करना होगा कि क्या सज्जन कुमार उनके हीरो हैं। कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा के एक बयान का जिक्र करते हुए, DSGMC नेता ने मांग की कि गांधी सिख समुदाय से माफी मांगें।
उन्होंने कहा, 42 साल बाद हमारे परिवारों के जख्म फिर से ताजा हो गए हैं। हमारी भावनाओं को ठेस पहुंची है। राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं को अपनी गलती माननी चाहिए और माफी मांगनी चाहिए।

