जंग के लिए पोर्न इंडस्ट्री से टैक्स लेगा यूक्रेन: सालाना 236 करोड़ रुपए जुटाने का प्लान; इतनी रकम से खरीदे जा सकेंगे 30 हजार ड्रोन
Published:
5 min read

यूक्रेन रूस से जंग लड़ने के लिए ज्यादा से ज्यादा रेवेन्यू जुटाने के मकसद से पोर्नोग्राफी इंडस्ट्री से टैक्स वसूलने की प्लानिंग कर रहा है। - सिम्बॉलिक इमेज
इंटरनेशनल डेस्क। यूक्रेन पोर्नोग्राफी इंडस्ट्री को लीगल करने की प्लानिंग कर रहा है। रूस के साथ जंग लड़ने के लिए ज्यादा रेवेन्यू जुटाने के मकसद से ऐसा किया जा सकता है। इस इंडस्ट्री को लीगलाइज करने से देश को सालाना 25 मिलियन डॉलर (करीब 236 करोड़ रुपए) का रेवेन्यू मिल सकेगा। इससे ना सिर्फ टैक्स वसूली में बढ़ोतरी होगी बल्कि चोरी-छिपे एडल्ट कंटेंट बनाकर कमाई करने और टैक्स नहीं चुकाने वालों पर भी सख्ती की जा सकेगी।
अभी यूक्रेन में पोर्नोग्राफी पर 7 साल तक की जेल
मौजूदा समय में यूक्रेन में पोर्नोग्राफी प्रोडक्शन, डिस्ट्रीब्यूशन और इसे अपने पास रखना गैरकानूनी है। ऐसा करने पर सात साल तक की जेल की सजा का प्रावधान है। हालांकि इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग इस इंडस्ट्री से जुड़े हैं। पोर्नोग्राफी क्रिएटर्स विदेशों से ऑनलाइन ऑपरेट कर रहे हैं। कुछ ऐसे क्रिएटर्स भी हैं जो यूक्रेन में रहते हुए भी इस काम काे कर रहे हैं लेकिन ऐसे तरीके अपना रहे हैं जिससे वह सरकार की पकड़ में नहीं आ सकें।
विपक्षी सांसद ने संसद में पेश किया बिल
वॉल स्ट्रीट जर्नल (Wall Street Journal) की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन की विपक्षी पार्टी के सांसद यारोस्लाव जेलेज्न्याक ने संसद में पोर्नोग्राफी को लीगल करने से जुड़ा बिल पेश किया। जेलेज्न्याक वह यूक्रेनी संसद की फाइनेंस, टैक्स और कस्टम पॉलिसी कमेटी के डिप्टी चेयरमैन हैं।

231 सांसदों ने बिल के समर्थन में वोट दिया
मई में पेश बिल नंबर 12191 को केवल 207 वोट मिले थे। इसे पास होने के लिए 226 वोट चाहिए थे। इसके बाद नया बिल नंबर 15294 पेश किया गया। इसे 14 जुलाई को पहली रीडिंग में 231 सांसदों का समर्थन मिला। 8 सांसदों ने विरोध किया और तीन वोटिंग से दूर रहे। अब बिल को दूसरी रीडिंग और अंतिम मंजूरी का इंतजार है। हालांकि, अगर इस पर कोई आपत्ति जताई जाती है तो तीसरी रीडिंग भी हो सकता है।

30 हजार ड्रोन की फंडिंग के लिए रेवेन्यू जुटाई जा सकती है
जेलेज्न्याक का एस्टिमेट है कि पोर्नोग्राफी इंडस्ट्री को लीगल करने से सरकार को सालाना 236 करोड़ रुपए की कमाई हो सकती है। फिलहाल यूक्रेन का एनुअल डिफेंस बजट 120 बिलियन डॉलर (करीब 11,33,170 करोड़ रुपए) है। इसके मुकाबले पोर्नोग्राफी के टैक्स से होने वाली कमाई बेहद कम होगी। हालांकि जेलेज्न्याक का मानना है कि इतनी रकम 30 हजार ड्रोन की फंडिंग के लिए पर्याप्त है।
अचानक ये कवायद शुरू होने की वजह क्या
दरअसल, यूक्रेन के टैक्स अथॉरिटीज काे हाल ही में ब्रिटेन बेस्ड कंपनी फेनिक्स इंटरनेशनल ने पोर्न कंटेट से कमाई करने वाले यूक्रेनी नागरिकों की जानकारी सौंपी है। यह कंपनी ओन्ली फैन्स (OnlyFans) प्लेटफॉर्म ऑपरेट करती है जिस पर पोर्न कंटेंट सब्सक्रिप्शन मॉडल पर एवेलेबल होता है। कंपनी के मुताबिक 2023 में ओन्ली फैंस के जरिये 7,900 यूक्रेनियों ने 131 मिलियन डॉलर (1,237.83 करोड़ रुपए) की कमाई की है।
टैक्स भरें तो खुद अपराध कबूल करने का खतरा
जेलेज्न्याक के मुताबिक, मौजूदा सिस्टम को विरोधाभासी बताया है। सरकार क्रिएटर्स से उस कमाई पर टैक्स मांग रही है, जो इल्लीगल एक्टिविटी से जुड़े कानून के तहत अपराध है। ऐसी स्थिति में टैक्स नहीं भरने पर टैक्स चोरी का केस हो सकता है। वहीं टैक्स भरने पर शख्स को खुद कबूल करना होगा कि वह गैरकानूनी ढंग से पोर्नोग्राफी इंडस्ट्री से कमाई कर रहा है।
ऐसे में जेलेज्न्याक का तर्क है कि जब यह इंडस्ट्री पहले से चल रही है तो इसे छिपाने के बजाय कानून के दायरे में लाना चाहिए। इससे टैक्स मिलेगा और पुलिस अफसर भी कानून का डर दिखाकर रिश्वत नहीं मांग सकेंगे।
तीन इलाकों में हर महीने रिश्वत लेने का आरोप
यूक्रेन के प्रॉसिक्यूटर जनरल ऑफिस ने मई में दावा किया था कि तीन इलाकों के पुलिस विभाग एडल्ट कंटेंट स्टूडियो से हर महीने 20 हजार डॉलर यानी करीब 18.90 लाख रुपए की रिश्वत ले रहे थे। आरोप है कि पैसे के बदले इन स्टूडियो पर कोई एक्शन नहीं लिया जाता था।
क्रिएटर ने पुलिस पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया
ओन्ली फैंस क्रिएटर स्वितलाना द्वोर्निकोवा ने भी पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि छापे के दौरान पुलिस ने उनके इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और टैक्स चुकाने के लिए रखे दो लाख डॉलर (करीब 1.89 करोड़ रुपए) जब्त कर लिए थे। बाद में यह रकम उन्हें लौटा दी गई।

क्रिएटर ने टैक्स के बदले कानूनी सुरक्षा मांगी
द्वोर्निकोवा ने जून 2025 में राष्ट्रपति जेलेंस्की की वेबसाइट पर पोर्नोग्राफी को अपराध की कैटेगरी से हटाने के लिए पिटीशन दाखिल की थी। उन्होंने खुद को जिम्मेदार टैक्सपेयर बताते हुए दावा किया कि वह 40 मिलियन रिव्निया यानी करीब 8.50 करोड़ रुपए टैक्स चुका चुकी हैं।
पिटीशन को एक सप्ताह में जरूरी 25 हजार से ज्यादा सिग्नेचर मिल गए। इसके बाद जेलेंस्की ने कहा कि संसद इस मुद्दे से जुड़े कानून पर विचार करेगी। द्वोर्निकोवा के खिलाफ मामला फिलहाल कोर्ट नहीं पहुंचा है। उनके मुताबिक, संसद के फैसले तक उनके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लेने का फैसला किया गया है।
मौजूदा कानून खत्म होने का क्या असर
संसद से बिल पास होने पर सहमति से एडल्ट कंटेंट बनाने वाले लोगों पर क्रिमिनल केस नहीं चलेगा। वे अपनी कमाई को सोर्स बताकर टैक्स चुका सकेंगे। इससे विदेशों में जाकर कंटेंट बनाने वाले यूक्रेनी क्रिएटर्स के वापस लौटने का रास्ता भी खुल सकता है।
हालांकि, कई एक्सपर्ट इसे यूक्रेन की जंग के लिए कोई बड़ा फंडिंग सोर्स नहीं मानते। उनका कहना है कि इसका असर टैक्स सिस्टम, पुलिस करप्शन और क्रिएटर्स की लीगल सिक्योरिटी पर होगा। बच्चों का यौन शोषण, जबरदस्ती और बिना सहमति कंटेंट शेयर करना पहले की तरह ही क्राइम माना जाएगा।

