स्पेन में ट्रेन एक्सीडेंट: 46 की मौत- 200 से ज्यादा घायल,एक ही रूट पर जा रही दो हाइस्पीड ट्रेन में टक्कर; कई रूट्स पर सर्विस ठप
Published:
3 min read

स्पेन में बुधवार को दो हाई स्पीड ट्रेन टकरा गईं। हादसे में 46 लोगों की मौत हाे गई।
इंटरनेशनल डेस्क। स्पेन में बुधवार सुबह दो हाई स्पीड ट्रेनों टकरा गईं। इसके बाद कई रूट पर सर्विस ठप हो गई। हादसा टोलेडो प्रांत के पास हुआ। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, एक ट्रेन दूसरी ट्रेन के पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद दो डिब्बे पटरी से उतर गए और ढलान की ओर जा गिरे। हादसे में 46 लोगों की मौत हो गई। 200 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है।
एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, लोकल प्रशासन ने आशंका जताई है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। हादसे की वजहों की जांच जारी है। स्पेन के रेल इंफ्रास्ट्रक्चर ऑपरेटर ADIF ने भी एक्सीडेंट की पुष्टि की है।
एक ट्रेन ने आगे चल रही ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी
ADIF ने बताया कि हादसे के बाद मैड्रिड से साउथ स्पेन के आंदालुसिया जाने वाली हाई स्पीड रेल लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है। मैड्रिड, सियुदाद रियल और आंदालुसिया को जोड़ने वाली ट्रेनें भी अगले ऑर्डर तक कैंसिल कर दी गई हैं।

स्पेन के PM ने हादसे पर दुख जताया
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- टोलेडो में ट्रेन हादसे की खबर से मैं शॉक्ड हूं।

सांचेज ने लिखा- मैं ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर और कास्तिया-ला मांचा रीजन के प्रेसिडेंट के कॉन्टैक्ट में हूं। रिलीफ और रेस्क्यू टीमें मौके पर काम कर रही हैं। हादसे से प्रभावित लोगों की मदद की जा रही है।
टक्कर के बाद एक ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरे
शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे में सरकारी रेल कंपनी रेनेफे की AVE हाई स्पीड ट्रेन और निजी कंपनी इर्यो की ट्रेन शामिल थीं। दोनों ट्रेनें मैड्रिड से सेविला जा रही थीं। हादसा लोकल टाइम के मुताबिक सुबह करीब 8 बजकर 54 मिनट पर उर्दा और लॉस येबेनेस के पास हुआ।

रिलीफ और रेस्क्यू में टीमें जुटीं
हादसे के बाद इमरजेंसी सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। लोकल प्रशासन ने घायलों की मदद और पैसेंजर्स को सुरक्षित जगह पहुंचाने के लिए इंतजाम शुरू किए।
उर्दा के मेयर मैनुएल गालान ने सरकारी ब्रॉडकास्टर TVE को बताया कि पैसेंजर्स के घायल होने की सूचना मिली थी। सिविल सिक्योरिटी ऑफिसर्स ने लोकल एडमिनिस्ट्रेशन से हादसे से प्रभावित पैसेंजर्स को ठहराने के लिए एक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स तैयार रखने को कहा है।
कास्तिया-ला मांचा रीजन के प्रेसिडेंट एमिलियानो गार्सिया-पेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- मैं हादसे की जगह जा रहा हूं।
हादसे की वजह अभी साफ नहीं
रेल ऑपरेटर ADIF ने अभी हादसे की पूरी वजह नहीं बताई है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि ट्रेनें किस स्थिति में थीं, टक्कर कैसे हुई और क्या सिग्नलिंग या ट्रैक से जुड़ी किसी ग्लिच की वजह से हादसा हुआ। ।

