ब्राजील चुनाव में हार के बाद US भागे फ्लावियो बोल्सोनारो: पासपोर्ट रद्द होने के बाद भी देश छोड़ा; मनी लॉन्ड्रिंग और फिल्म फंडिंग की जांच जारी
Published:
5 min read

ब्राजील में लूला से चुनाव हारने के बाद मुख्य विपक्षी लिबरल पार्टी के नेता फ्लावियो बोल्सोनारो बीवी-बच्चों के साथ अमेरिका भाग गए हैं।
इंटरनेशनल डेस्क। ब्राजील में चुनाव के बाद विपक्षी लिबरल पार्टी (PL) के नेता फ्लावियो बोल्सोनारो देश छोड़ कर भाग गए हैं। फ्लावियो अपने देश में मनी लॉन्ड्रिंग और फिल्म फंडिंग की रकम में हेरफेर से जुड़े मामलों का सामना कर रहे हैं। ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 24 घंटे के अंदर अपने पासपोर्ट जमा करने का आदेश दिया था। तय समय से पासपोर्ट जमा नहीं करने की वजह से उनका पासपोर्ट कैंसल कर दिया गया था।
रॉयटर्स (Reuters) ने तीन सूत्रों के हवाले से इसकी पुष्टि की है। फ्लावियो ने रविवार, 25 अक्टूबर को हुए चुनाव में राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा को चुनौती दी थी, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
पत्नी और दो बेटियों को भी साथ ले गए
रॉयटर्स के मुताबिक, फ्लावियो के साथ उनकी पत्नी और दो बेटियों के भी अमेरिका में होने की खबर है। एक सूत्र ने बताया कि फ्लावियो फ्लोरिडा पहुंच गए हैं, हालांकि उनके ठिकाने की पुष्टि नहीं हुई है।

ट्रम्प ने फ्लावियो को सपोर्ट किया
US डोनाल्ड ट्रम्प ने भी कहा है कि वह फ्लावियो के अमेरिका आने का समर्थन करेंगे। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे फ्लावियो को शरण देंगे तो उन्होंने कहा- खैर, मैं (उनके अमेरिका आने को) मंजूरी दूंगा। मुझे लगता है कि वे बहुत अच्छे लोग हैं। वहां का इलेक्शन बहुत ही अजीब था, और मुझे लगा कि यह भयानक था। इसकी काफी खराब समीक्षाएं आई हैं। आप देखिए कि वहां के मार्केट (बाजार) के साथ क्या हुआ।

ट्रम्प ने आगे कहा- इसे देखना बेहद भयानक लगता है। मैंने इस चुनाव में किसी का पक्ष नहीं लिया था, आप तो जानते ही हैं। मैं दोनों को जानता हूं। मैं लूला को जानता हूं। मैं फ्लावियो को थोड़ा-बहुत जानता हूं। मैं उनके पिता को बहुत अच्छी तरह से जानता हूं। उनके पिता (जायर बोल्सोनारो) के साथ बहुत बुरा बर्ताव किया गया था।
फ्लावियो के पिता भी जेल काट रहे
बता दें कि फ्लावियो ट्रम्प के समर्थक माने जाते रहे हैं। इस चुनाव में उन्होंने अमेरिका के साथ रिश्ते सुधारने की बात कही थी। उनके पिता जायर बोल्सोनारो भी ट्रम्प के सपोर्टर रहे हैं। जायर फिलहाल तख्तापलट की साजिश, भ्रष्टाचार समेत दूसरे मामलों में ब्राजील की जेल में बंद हैं। ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 27 साल 3 महीने की सजा सुनाई है।

लूला बोले- ये बेहद शर्मनाक हरकत है।
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला ने कहा- ये बेहद शर्मनाक हरकत है। फ्लावियो को इस तरह भागना नहीं चाहिए था। ब्राजील में रहकर अपनी बेगुनाही साबित करनी चाहिए थी। जिस शख्स को कुछ छिपाना नहीं होता वह किसी से डरता नहीं है। जो शख्श देश से छिपकर भागता है तो तय है कि वह कुछ ना कुछ छिपाने की कोशिश कर रहा है। मुझे भी सुप्रीम कोर्ट ने पासपोर्ट सरेंडर करने को कहा था, उस समय मैं भागा नहीं था। कानून का पालन किया और बेगुनाही साबित की।

सुप्रीम कोर्ट ने पासपोर्ट सरेंडर करने के लिए कहा था
फ्लावियो ने सोमवार को सोशल मीडिया पर कहा था कि पुलिस ने उनसे पासपोर्ट सरेंडर करने को कहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि वह देश छोड़कर जाने की योजना नहीं बना रहे हैं और अपने खिलाफ चल रही कार्रवाई का कानूनी रूप से सामना करेंगे। लेकिन मंगलवार को पासपोर्ट जमा करने की समय सीमा खत्म हो गई। रॉयटर्स के मुताबिक, इसके बाद अफसरों ने पासपोर्ट रद्द कर दिए। सुप्रीम कोर्ट के आदेश में भी उनके देश छोड़कर जाने की आशंका जताई गई थी।

बिना डॉक्यूमेंट्स के अमेरिका कैसे पहुंचे
इसके बाद उनके अमेरिका पहुंचने की खबर सामने आई। अभी यह साफ नहीं है कि पासपोर्ट रद्द होने के बावजूद उन्होंने किस डॉक्यूमेंट्स के साथ अमेरिका पहुंचे। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लावियो के कैंपेन से जुड़े कुछ लोगों को भी उनके अमेरिका जाने की खबर से हैरानी हुई। उनके सहयोगियों को उम्मीद थी कि चुनाव में करीब 6 करोड़ वोट पाने के बाद वह ब्राजील में विपक्ष की अगुवाई करेंगे।
डार्क हॉर्स फिल्म की फंडिंग में क्या है विवाद
फ्लावियो के खिलाफ डार्क हॉर्स फिल्म की फंडिंग से जुड़े मामले की भी जांच चल रही है। यह फिल्म उनके पिता और ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो की जिंदगी पर बेस्ड है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि फिल्म बनाने के लिए पैसा कहां से आया और उसका इस्तेमाल किस तरह किया गया। इस मामले में पूर्व बैंकर डेनियल वोर्कारो और उनके बैंक मास्टर से जुड़े फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन भी जांच के दायरे में हैं।

पुलिस ने क्या आरोप लगाया
ब्राजील की पुलिस ने आरोप लगाया है कि फ्लावियो ने फिल्म के लिए वोर्कारो से रकम जुटाने में भूमिका निभाई। सितंबर में पब्लिक किए गए डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, पुलिस को वोर्कारो और फ्लावियो के बीच बातचीत और पैसे के इंतजाम को लेकर कॉन्टैक्ट करने के सबूत मिले हैं।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि फिल्म के नाम पर भेजी गई पूरी रकम वास्तव में फिल्म बनाने में लगी या उसका कुछ हिस्सा दूसरी जगह इस्तेमाल हुआ। इस मामले में भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग और गैरकानूनी ढंग से विदेश पैसा भेजने की भी जांच की जा रही है। ये आरोप हैं, कोर्ट का फैसला आना अभी बाकी है।

