पाकिस्तान ने PoK में पीस टॉक के लिए आतंकी इलियास कश्मीरी को भेजा: वीडियो में नजर आया, इसी आतंकी ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद मसूद के परिवार में हुई मौतें कबूलीं थीं
Published:
3 min read

इंटरनेशनल डेस्क. PoK के रावलाकोट पीस टॉक के दौरान जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के आतंकी मसूद इलियास कश्मीरी के दिखने का दावा किया गया है। इलियास कश्मीरी वही आतंकी है, जिसने पाकिस्तान में ऑपरेशन सिंदूर से हुए नुकसान का खुलासा किया था।
CNN News18 की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI ने रावलाकोट में सरकार के खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शन को शांत कराने के लिए पीस कमेटी भेजी थी। इस कमेटी में आतंकियों के शामिल होने की बात सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या वाकई यह कमेटी शांति के लिए भेजी गई थी?
आवामी एक्शन कमेटी के नेताओं से मिला आतंकी
रिपोर्ट के मुताबिक, कश्मीरी ने PoK में प्रदर्शन कर रहे आवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के सदस्यों से मुलाकात की। हालांकि, वीडियो में देखा जा सकता है कि यह JeM कमांडर कैमरे से बचता रहा और खुद को लोगों की नजरों से दूर रखा।
LeT ने प्रदर्शनकारियों को बताया था गद्दार
इसके पहले लश्कर-ए-तैयबा (LeT) ने JAAC के प्रदर्शनकारी नेताओं को गद्दार बताया था। साथ ही PoK में चल रहे विरोध-प्रदर्शन को कमजोर करने के लिए उनके खिलाफ कैंपेन भी चलाया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, रावलाकोट में आवामी एक्शन कमेटी के सिविल मूवमेंट को रोकने के लिए आतंकी संगठनों के लोग एक्टिव हैं। ISI ने PoK में रावलाकोट आवामी एक्शन कमेटी के सिविल मूवमेंट के खिलाफ JeM और LeT के ऑपरेटिव्स को लगाया है।
कौन है मसूद इलियास कश्मीरी
मसूद इलियास कश्मीरी को मुफ्ती मसूद इलियास के नाम से भी जाना जाता है। वह पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का सीनियर कमांडर है। वह पाकिस्तान और PoK से एक्टिव भारत के मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों में शामिल है।
कश्मीरी JeM में टॉप लेवल कमांडर है। वह संगठन के पब्लिक चेहरों, ऑपरेशनल लीडर्स और प्रमुख रिक्रूटर्स में से एक है। हालांकि, संगठन की सबसे बड़ी अथॉरिटी और आखिरी फैसला सरगना मौलाना मसूद अजहर के पास है।
ऑपरेशन सिंदूर के नुकसान का किया था खुलासा
मसूद इलियास कश्मीरी का नाम ऑपरेशन सिंदूर से इसलिए जुड़ा है क्योंकि उसने भारत की सटीक मिसाइल स्ट्राइक से हुए बड़े नुकसान की जानकारी खुद सार्वजनिक की थी। एक वीडियो बयान में कश्मीरी ने बताया था कि 7 मई को बहावलपुर स्थित मरकज हेडक्वार्टर पर भारत की मिसाइल स्ट्राइक ने JeM चीफ मसूद अजहर के परिवार को बुरी तरह तबाह कर दिया था।
उसके इस बयान को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान JeM के मुख्य ठिकाने को हुए नुकसान की पुष्टि के तौर पर देखा गया था। इससे उन शुरुआती पाकिस्तानी दावों को भी झुठला दिया गया था, जिनमें इस नुकसान से इनकार किया गया था।
कश्मीरी ने आसिम मुनीर को लेकर भी किया था दावा
कश्मीरी ने आगे दावा किया था कि पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर ने टॉप मिलिट्री जनरलों और कमांडोज को उन आतंकियों और परिवार के सदस्यों के अंतिम संस्कार में शामिल होने का आदेश दिया था, जो इन हमलों में मारे गए थे।

