TTP को पनाह देने के आरोप पर तालिबान का पाकिस्तान को जवाब: कहा- अपनी गलतियों का ठीकरा हम पर फोड़ना बंद करो
Published:
3 min read

तालिबान के प्रवक्ता जबिहुल्ला मुजाहिद ने कहा- पाकिस्तान हमारे विरोधियों को शह दे रहा है।- फाइल
इंटरनेशनल डेस्क। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के तालिबान के बीच एक बार फिर टेंशन बढ़ गया है। पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान पर आतंकवादी संगठनों को पनाह देने के आरोप लगाए जाने के बाद तालिबान ने पलटवार किया है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान को अपनी सिक्योरिटी पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपनी सिक्योरिटी नाकामी का ठीकरा अफगानिस्तान पर फोड़ने की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान हमारे अंदरुनी मामलों में दखल दे रहा है।
पाकिस्तान हमारे घरेलू मामलों में दखल ना दे- तालिबान
मुजाहिद ने यूनाइटेड नेशन्स (UN) में पाकिस्तान के परमानेंट रिप्रेजेंटेटिव की उस टिप्पणी को खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि इस्लामिक अमीरात (तालिबान) अपने कमिटमेंट पूरे करने में नाकाम रहा है। तालिबान प्रवक्ता ने कहा- यह अफगानिस्तान के घरेलू मामलों में दखल है। अफगान जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ हमले करने के दावे गलत हैं। पाकिस्तान को पड़ोसी देश पर आरोप लगाने के बजाय अपनी सिक्योरिटी चुनौतियों पर ध्यान देना चाहिए।
दोनों देशों के बीच TTP को लेकर विवाद
दोनों देशों के बीच विवाद का सबसे बड़ा मुद्दा तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी TTP है। पाकिस्तान लंबे समय से तालिबान सरकार पर TTP को अफगानिस्तान में सुरक्षित ठिकाना और ऑपरेशनल स्पेस देने का आरोप लगाता रहा है। इस्लामाबाद का कहना है कि TTP के लड़ाके अफगान जमीन से पाकिस्तान में हमले करते हैं। तालिबान इन आरोपों से लगातार इनकार करता रहा है। अब मुजाहिद ने पलटवार करते हुए पाकिस्तान पर खुद अफगानिस्तान विरोधी ग्रुप्स को पनाह देने का आरोप लगाया है।
तालिबान प्रवक्ता- हमारे विरोधियों को शह दे रहा PAK
मुजाहिद ने दावा किया कि पाकिस्तान में दाएश के कुछ एलिमेंट्स और अफगान विपक्षी ग्रुप्स मौजूद हैं। इस्लामाबाद अफगानिस्तान में इस्लामिक अमीरात के खिलाफ अलग-अलग अफगान गुटों को संगठित करने की कोशिश कर रहा है। तालिबान प्रवक्ता ने पाकिस्तान पर अफगानिस्तान के अंदर आर्म्ड ऑपोजिशन एक्टिविटी को सपोर्ट करने का भी आरोप लगाया। यानी दोनों देशों के बीच अब आरोप सिर्फ TTP तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों एक-दूसरे पर विरोधी गुटों और आतंकवादी संगठनों को समर्थन देने के आरोप लगा रहे हैं।
UN भी अफगानिस्तान को लेकर चिंता जता चुका
UN भी अफगानिस्तान में एक्टिव मिलिटेंट ग्रुप्स को लेकर चिंता जता चुका है। हालिया UN मॉनिटरिंग रिपोर्ट में कहा गया कि इस रीजन के कई देशों को अफगानिस्तान में मौजूद टेररिस्ट ग्रुप्स और उनके हमलों के दूसरे देशों तक पहुंचने को लेकर चिंता है। रिपोर्ट में पाकिस्तान के खिलाफ TTP के हमलों में बढ़ोतरी का भी जिक्र किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, तालिबान के डिफैक्टो अथॉरिटीज के दौर में TTP को पहले की तुलना में ज्यादा आजादी और सपोर्ट मिलने के आरोप सामने आए हैं। हालांकि तालिबान इन आरोपों को स्वीकार नहीं करता।

