पाकिस्तान में नहीं होगा तख्तापलट: सिस्टम को ध्वस्त बताने वाले नकवी बोले- PM 5 साल का कार्यकाल पूरा करेंगे
Published:
3 min read

पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने शहबाज सरकार के तख्तापलट की अटकलों को खारिज कर दिया है।
इंटरनेशनल डेस्क. पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने शहबाज सरकार के तख्तापलट की अटकलों को खारिज कर दिया है। बुधवार को मीडिया से बतचीत में कहा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदा सरकार अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा करेगी। सरकार को एक सलाह है कि सभी मंत्रियों के कामकाज की स्वतंत्र समीक्षा की जाए।
नकवी ने कहा क्या
नकवी ने मीडिया से बातचीत में कहा, सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। शहबाज साहब पांच साल तक प्रधानमंत्री बने रहेंगे। लोग जो चाहें कह सकते हैं या मेरी बातों का जैसे चाहें अर्थ निकाल सकते हैं, लेकिन वे प्रधानमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।
नकवी ने सभी मंत्रालयों के ऑडिट की मांग की
मोहसिन नकवी ने कहा कि वह अपने कामकाज के लिए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रति जवाबदेह हैं। उन्होंने अपने मंत्रालय समेत सभी मंत्रालयों की स्वतंत्र थर्ड पार्टी से समीक्षा कराने का प्रस्ताव दिया। नकवी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री से सभी मंत्रालयों का ऑडिट कराने और उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने का अनुरोध करेंगे।
नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन भी हैं। उन्होंने शहबाज शरीफ के काम करने के तरीके की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री रोजाना 14 से 16 घंटे काम करते हैं। अगर देश का गवर्नेंस सिस्टम बेहतर हो जाए तो सरकार मौजूदा प्रदर्शन से हजार गुना बेहतर नतीजे दे सकती है।
नकवी के पिछले बयानों से बढ़ीं थी अटकलें
दरअसल, नकवी के पिछले बयानों के पाकिस्तान में तख्तापलट के कयास लगाए जाने लगे थे। उन्होंने पिछले हफ्ते कहा था कि देश का सिस्टम पूरी तरह ढह चुका है। बड़े सुधारों की जरूरत है। साथ ही इनमें नए प्रांत बनाने की बात भी शामिल थी। इसके बाद उन्होंने पाकिस्तान के इतिहास के सबसे बड़े घोटाले का खुलासा करने का दावा किया था।
भुट्टो ने इन अटकलों को और हवा दी
इसके साथ ही पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के चेयरमैन बिलावल भुट्टो जरदारी के बयान से राजनीतिक अटकलें और बढ़ गई थीं। बिलावल ने कहा था कि शहबाज सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
8 दशक पुराने सिस्टम से देश आगे नहीं जा सकता
नकवी ने कहा कि पाकिस्तान की प्रशासनिक व्यवस्था करीब 8 दशक से चली आ रही है, लेकिन यह देश को उस तरह की तरक्की नहीं दे सकी जिसकी जरूरत थी। अगर सिस्टम प्रभावी तरीके से काम करता तो पाकिस्तान आर्थिक और संस्थागत विकास के मामले में कहीं ज्यादा आगे होता।

