पूर्व PAK PM इमरान खान की सेहत को लेकर कुछ साफ नहीं: तीनों बहनों का जेल के बाहर प्रदर्शन; आरोप- 3 हफ्ते से मिलने नहीं दिया गया
Published:
4 min read

इमरान खान 2018 से 2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे। अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के बाद उन्हें कुर्सी छोड़नी पड़ी थी।- फाइल फोटो
इंटरनेशनल डेस्क। पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की सेहत को लेकर कुछ भी साफ नहीं हो पा रहा है। एक अफवाह यह भी फैल गई कि उनकी जेल में मौत हो गई है। उनकी तीन बहनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें अपने भाई से मिलने की इजाजत नहीं दी जा रही है।
खान की तीन बहनें नोरीन खान, अलीमा खान और उज्मा खान ने आरोप लगाया है कि भाई से मिलने की कोशिश करने पर उन्हें पीटा गया। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के समर्थक भी इमरान के तीनों बहनों का सपोर्ट कर रहे हैं। बुधवार को इमरान समर्थकों ने उनकी तीनों बहनों के साथ रावलपिंडी की अडियाला जेल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
सोशल मीडिया पर फैली मौत की अफवाह
मंगलवार को सोशल मीडिया पर अफवाह फैल गई कि इमरान खान की जेल के अंदी रहस्मय परिस्थितियों में मौत हो गई है। कई सोशल मीडिया हैंडल से दावा किया गया कि पाकिस्तान सरकार ने उनकी मौत के बाद उनके शव को जेल से बाहर निकाल दिया है। अफगानिस्तान टाइम्स ने भी अपनी एक पोस्ट में दावा किया कि पाकिस्तान के कुछ सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि इमरान खान की जेल में हत्या कर दी गई है। इसके बाद उनकी पार्टी के समर्थक अडियाला जेल के बाहर जुट गए हैं और जेल तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद से PTI समर्थकों की नाराजगी और भड़क गई।
इमरान की बहनें बोलीं- हमें भाई से मिलने नहीं दिया जा रहा
इमरान खान की बहनों का आरोप है कि तीन हफ्ते से उन्हें अपने भाई से मिलने नहीं दिया जा रहा। उन्होंने पंजाब पुलिस चीफ उस्मान अनवर को चिट्ठी लिखकर पुलिस की बदललूकी की शिकायत की है। इन्होंने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि पुलिस ने प्लानिंग के तहत हम पर हमला किया। उनके मुताबिक, वह शांतिपूर्ण तरीके से बैठी थी, न रोड जाम किया और न किसी तरह की रुकावट पैदा की। अचानक स्ट्रीट लाइट बंद कर दी गई और अंधेरे में पुलिस ने महिलाओं समेत सभी को जमीन पर गिराकर पीटना शुरू कर दिया।
71 की उम्र में मुझे बाल पकड़कर घसीटा गया-नरीन नियाजी
इमरान की बड़ी बहन नरीन नियाजी ने लिखा कि 71 साल की उम्र में मुझे बाल पकड़कर घसीटा गया, जमीन पर पटका गया और सड़क पर खींचा गया, जिसमे मुझे चोटें आईं। पुलिस ने धरने पर बैठी दूसरी महिलाओं को भी थप्पड़ मारे गए और उन्हें घसीटा गया। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले नागरिकों पर पिछले तीन साल से इसी तरह की ताकत का इस्तेमाल हो रहा है। पुलिस का व्यवहार पूरी तरह गैरकानूनी और लोकतंत्र के खिलाफ है।
इमरान खान दो साल से अडियाला जेल में बंद हैं
इमरान खान अगस्त 2023 से अडियाला जेल में बंद हैं। PTI का कहना है कि उन्हें पूरी तरह से अलग-थगल रखा गया है। पार्टी के मुताबिक, पिछले एक महीने से मुलाकात पर पाबंदी लगा दी गई है। उनके वकीलों ने भी बताया कि उन्हें किताबें, जरूरी सामान और कानूनी सलाह तक नहीं दी जा रही। वकील खालिद यूसुफ चौधरी ने कहा कि यहां ऐसा माहौल है जहां सिर्फ हुक्म चलाने वाले को अधिकार है, बाकी किसी को नहीं।
PTI का दावा- जेल व्यवस्था आर्मी अफसर के कंट्रोल में
PTI का यह भी दावा है कि खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहैल अफरीदी को भी इमरान खान से मिलने की इजाजत नहीं मिली। उन्होंने सात बार कोशिश की लेकिन जेल प्रशासन ने मना कर दिया। पार्टी का आरोप है कि पूरी जेल व्यवस्था एक सेना अफसर के कंट्रोल में है। इन घटनाओं ने पाकिस्तान की राजनीति में तनाव और बढ़ा दिया है, खासकर तब जब सोशल मीडिया पर इमरान खान की हालत को लेकर तरह तरह के दावे किए जा रहे हैं।

