पाकिस्तान में ड्राइवरलेस कार का टेस्ट फेल: जर्नलिस्ट बोला- टैलेंट की कमी नहीं; अगले ही पल पुलिस वैन में घुसी कार
Published:
4 min read

इंटरनेशनल डेस्क। पाकिस्तान में एक ड्राइवरलेस कार का टेस्ट शुरू होते ही ऐसा गड़बड़ाया कि इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस्लामाबाद के हाई-सिक्योरिटी डी-चौक इलाके में पाकिस्तानी जर्नलिस्ट मुहम्मद आलिजाह एक रिमोट-कंट्रोल कार का डेमो रिकॉर्ड कर रहे थे। कैमरे के सामने उन्होंने कहा-पाकिस्तान में टैलेंट की कमी नहीं है। इसके कुछ ही सेकेंड बाद कार आउट ऑफ कंट्रोल हो गई और सड़क किनारे खड़ी पुलिस वैन से जा टकराई।
वीडियो सामने आने के बाद जहां कुछ यूजर्स ने इसका मजाक बनाया, वहीं कुछ ने इसे लोकल इनोवेशन की कोशिश बताते हुए टेक्नोलॉजी को बेहतर करने की सलाह दी।
सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़
कार के पुलिस वैन से टकराने का वीडियो वायरल हुआ तो सोशल मीडिया पर मजेदार रिएक्शन भी आने लगे। एक यूजर ने आलिजाह की वीडियो वाली लाइन दोहराते हुए लिखा- बेशक, पाकिस्तान में टैलेंट की कोई कमी नहीं है। एक दूसरे यूजर ने मजाक में लिखा- पाकिस्तान में पुलिस को देखकर AI भी घबरा जाता है। हालांकि कई यूजर्स ने इनोवेटर को सपोर्ट भी किया। एक यूजर ने लिखा कि कोशिश आज नाकाम हुई है, लेकिन ऐसी गलतियों से सीखकर बेहतर सॉल्यूशन मिलते हैं
इंटरनेट से रिमोट कंट्रोल हो रही थी कार
वीडियो रविवार को जर्नलिस्ट मुहम्मद आलिजाह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था। इसमें वह कार की फ्रंट पैसेंजर सीट पर बैठे नजर आ रहे हैं। कार में ड्राइवर की सीट खाली है और इसे दूर बैठे ऑपरेटर की मदद से इंटरनेट के जरिए कंट्रोल किया जा रहा था। आलिजाह के मुताबिक, एबटाबाद के टेक्नोलॉजी इनोवेटर एहसान जफर ने उन्हें अपने ऑटोमेटेड-ड्राइविंग एक्सपेरिमेंट को कवर करने के लिए बुलाया था। यह पूरी तरह तैयार कमर्शियल सेल्फ-ड्राइविंग कार नहीं, बल्कि रिमोट से ऑपरेट किया जा रहा एक एक्सपेरिमेंटल सिस्टम था।
कार बढ़ी और अचानक घूम गया स्टीयरिंग
वीडियो में आलिजाह कार के फीचर्स के बारे में बताते हैं और इसी दौरान गाड़ी आगे बढ़ती है। शुरुआत में कार सामान्य तरीके से चलती दिखाई देती है। कुछ दूरी तय करने के बाद अचानक इसका स्टीयरिंग कंट्रोल बिगड़ जाता है और कार सड़क किनारे खड़ी पुलिस वैन की तरफ बढ़ने लगती है। खतरा देखकर आलिजाह तुरंत हैंडब्रेक खींचकर कार रोकने की कोशिश करते हैं, लेकिन तब तक देर हो चुकी होती है। कार जाकर पुलिस वैन से टकरा जाती है। घटना के वक्त इलाके में ट्रैफिक बेहद कम था।
इंटरनेट डिस्कनेक्ट हुआ और कंट्रोल चला गया
आलिजाह ने बाद में बताया कि हादसे की वजह एक टेक्निकल फॉल्ट थी। उनके मुताबिक, कार को इंटरनेट के जरिए रिमोटली ऑपरेट किया जा रहा था। अचानक इंटरनेट कनेक्शन टूटने से ऑपरेटर का कार पर कंट्रोल खत्म हो गया और गाड़ी पुलिस वैन से टकरा गई। आलिजाह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह सिस्टम अभी पूरी तरह सुरक्षित और भरोसेमंद नहीं है। उन्होंने दावा किया कि व्हीकल को सैटेलाइट और इंटरनेट कनेक्शन के जरिए ऑपरेट किया जा रहा था और बाहरी कंट्रोल के दौरान कनेक्शन टूटते ही गाड़ी अनकंट्रोल हो गई।
बोले- बिजी रोड होती तो जान भी जा सकती थी
घटना इस्लामाबाद के डी-चौक जैसे हाई-सिक्योरिटी इलाके में हुई, जहां उस समय ट्रैफिक बेहद कम था। आलिजाह ने कहा&अगर यही स्थिति किसी बिजी रोड पर पैदा होती तो नतीजे बेहद खतरनाक, यहां तक कि जानलेवा भी हो सकते थे। नई टेक्नोलॉजी के एक्सपेरिमेंट करने से पहले सेफ्टी का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता। किसी भी नई टेक्नोलॉजी को पब्लिक रोड पर इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह टेस्ट करना और उसके पूरी तरह सुरक्षित होने की जांच करना भी जरूरी है।
इनोवेटर को बदनाम करने के लिए वीडियो नहीं बनाया
वीडियो वायरल होने के बाद आलिजाह ने सफाई दी कि उनका मकसद कार बनाने वाले युवा इनोवेटर को बदनाम करना नहीं था। उन्होंने कहा- इस वीडियो का एकमात्र मकसद लोगों को जागरूक करना और यह बताना था कि किसी नए एक्सपेरिमेंट या टेक्नोलॉजी को पूरी तरह टेस्ट और सुरक्षित साबित होने तक सावधानी बरतनी चाहिए। एक्सपेरिमेंट जारी रहने चाहिए, लेकिन किसी भी इनोवेशन में सेफ्टी का ध्यान रखना सबसे जरूरी है।

