EPFO 3.0 से बदलेगा पूरा सिस्टम: नया पोर्टल और ट्रांसलेशन टूल; UPI से पैसा निकालना जल्द होगा आसान
Published:
3 min read

EPFO 3.0 एक नया डिजिटल सिस्टम है, जिसमें नया पोर्टल, AI लैंग्वेज सुविधा और UPI से विड्रॉल शामिल है।
बिजनेस डेस्क। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) एक डिजिटल बदलाव की तैयारी में है। EPFO की वेबसाइट और टेक्नोलॉजी सिस्टम को नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। इस बदलाव के तहत नया पोर्टल, AI से लैस ट्रांसलेशन टूल और सेंट्रलाइज्ड ऑपरेशंस जैसी सुविधाएं लाई जाएंगी। वहीं, हाल ही में EPFO ने विड्रॉल के नियम आसान और UPI से जुड़ी सुविधा का ऐलान भी किया।
नया अपग्रेड क्या है और क्यों जरूरी है
EPFO के पूरे सिस्टम को नए आर्किटेक्चर पर शिफ्ट किया जाएगा। बैकएंड में कोर बैंकिंग सॉल्यूशन लागू होगा। एक सीनियर अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि अभी जो बदलाव हो रहे हैं, वे छोटे सुधार है। EPFO 3.0 के बाद पूरा सिस्टम बदल जाएगा।
यह नया सिस्टम ऑर्गेनाइज्ड और अनऑर्गेनाइज्ड वर्कर्स को एक साथ बेहतर सर्विस देगा। EPFO के पास फिलहाल 8 करोड़ एक्टिव यूजर्स हैं और करीब 28 लाख करोड़ रुपए का फंड कॉर्पस है। इतने बड़े पैमाने पर वर्क करने के लिए स्ट्रांग और एडवांस डिजिटल सिस्टम जरूरी हो गया है।
यह भी पढ़ें- UAN से जुड़ गया गलत मेंबर आईडी: EPFO ने दी डिलिंक करने की सुविधा, देखें स्टेप-बाय-स्टेप पूरा प्रोसेस
नया पोर्टल और AI बेस्ड लैंग्वेज
EPFO का एक नया पोर्टल बनाया जाएगा, जो पहले से ज्यादा फास्ट और यूजर-फ्रेंडली होगा। इसके साथ AI-पावर्ड लैंग्वेज ट्रांसलेशन टूल जाएगा। जिससे यूजर्स EPF से जुड़ी जानकारी स्थानीय भाषा में जान पाएंगे।
सेंट्रलाइज्ड सिस्टम और कोर बैंकिंग की तैयारी
EPFO 3.0 के तहत ऑपरेशंस को सेंट्रलाइज्ड किया जाएगा। अलग-अलग रीजनल ऑफिस की सीमाएं कम होंगी और डेटा को एक ही सिस्टम से मैनेज किया जाएगा। कोर बैंकिंग सॉल्यूशन लागू होने के बाद अकाउंट का ऑपरेशन भी बैंक अकाउंट जैसे आसान और फास्ट हो जाएगा।
यह बदलाव इसलिए जरूरी है क्योंकि नए लेबर कोड के तहत EPFO का दायरा अब अनऑर्गेनाइज्ड सेक्टर तक बढ़ाया जा रहा है। आने वाले समय में EPFO को करोड़ों नए सब्सक्राइबर्स को संभालना होगा।
EPFO 2.0 का आखिरी चरण
EPFO 2.0 का दूसरा स्टेज भी लगभग पूरा चुका है। इसमें तीन मॉड्यूल बाकी है। इसमें UPI से जुड़ी सुविधा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस सुविधा के लागू होने के बाद PF का पैसा निकालना आसान हो जाएगा।
क्या PF को UPI से निकाला जा सकेगा
पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, PF का पैसा UPI से निकालने की दिशा में काम चल रहा है। योजना यह है कि एक फिक्स्ड अमाउंट को सेफ रखा जाएगा, बाकी हिस्सा UPI के जरिए बैंक खाते में ट्रांसफर किया जा सकेगा। सब्सक्राइबर अपने पीएफ खाते में यह देख पाएंगे कि कितना पैसा विड्रॉल के लिए अवेलेबल है। इसके बाद वे अपने लिंक्ड बैंक अकाउंट में पैसे सेंड करने के लिए UPI पिन का इस्तेमाल कर सकेंगे।

