PNB Fraud: ग्राहकों के खातों से गायब हुए करोड़ों रुपए, 12 कर्मचारी सस्पेंड; जानें क्या करें अगर आपके साथ हो धोखाधड़ी
Published:
3 min read

PNB ने अपने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि जांच में सही पाए जाने वाले सभी दावों का भुगतान किया जाएगा। (फोटो सोर्स- रॉयटर्स)
बिजनेस डेस्क। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की ग्रेटर नोएडा ब्रांच में कस्टमर्स के अकाउंट और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पैसे गायब होने का मामला सामने आया है। बैंक ने 12 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है और जांच के लिए CBI से संपर्क किया है।
PNB के शुरुआती आकलन के मुताबिक, ग्राहकों के खातों से ट्रांसफर की गई रकम 10 करोड़ रुपए से कम है। हालांकि, कस्टमर्स की ओर से दर्ज शिकायतों में 11.24 करोड़ रुपए से ज्यादा के नुकसान का दावा किया गया है। कुछ अकाउंट होल्डर्स का कहना है कि फ्रॉड की रकम करीब 35 करोड़ रुपए तक हो सकती है।
बैंक ने कहा- दावों का पूरा भुगतान होगा
PNB ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि जांच में सही पाए जाने वाले सभी दावों का भुगतान किया जाएगा। बैंक के मुताबिक, अभी तक तीन ग्राहकों के 43 लाख रुपए के दावों का निपटारा किया जा चुका है। बाकी शिकायतों की प्राथमिकता के आधार पर जांच चल रही है।
लाइव मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक को शक है कि एक महिला स्टाफ मेंबर ने ब्रांच मैनेजर समेत दूसरे कर्मचारियों के पासवर्ड का गलत इस्तेमाल करके अनऑथराइज्ड ट्रांजेक्शन किए। PNB ने कहा कि जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और बैंक की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
11.24 करोड़ से ज्यादा के नुकसान का आरोप
- मामला तब सामने आया जब करीब दो दर्जन ग्राहकों ने अपने सेविंग अकाउंट और FD से पैसे गायब होने की शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात बैंक कर्मचारियों के खिलाफ BNS की धारा 316 (5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। शिकायत में 21 कस्टमर्स ने कुल 11.24 करोड़ रुपए से ज्यादा के नुकसान का दावा किया। इनमें दो ग्राहकों का नुकसान एक-एक करोड़ रुपए से ज्यादा बताया गया।
- सूरजपुर निवासी श्रीचंद ने आरोप लगाया कि उनकी FD से 1.16 करोड़ रुपए गायब हुए। वहीं, बिजेंद्र सिंह ने बताया कि उनके खाते में करीब 87 से 88 लाख रुपए थे, लेकिन अब सिर्फ एक लाख रुपए दिखाई दे रहे हैं। अन्य कस्टमर्स ने भी लाखों रुपए गायब होने की शिकायत की है।
खाते से पैसा गायब हो तो तुरंत ये कदम उठाएं
- अगर किसी कस्टमर को अपने बैंक अकाउंट में कोई अनजान ट्रांजेक्शन दिखता है या जमा रकम और बैलेंस अलग मिलता है। तो उसे तुरंत बैंक को जानकारी देनी चाहिए।
- ग्राहक बैंक की ऑफिशियल हेल्पलाइन, ब्रांच या बैंकिंग ऐप के जरिए शिकायत कर सकता है। साथ ही शिकायत दर्ज कर उसका रेफरेंस नंबर संभालकर रखना चाहिए। अकाउंट की स्टेटमेंट और संदिग्ध ट्रांजेक्शन का रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखें।
- अगर ऑनलाइन फ्रॉड का शक है तो तुरंत 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत करें। वहीं, नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी रिपोर्ट दर्ज करा सकते हैं। बैंक से शिकायत के बाद भी 30 दिन में समाधान नहीं मिलता है, तो RBI के कंप्लेंट मैनेजमेंट सिस्टम पर जाकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
यह भी पढ़ें-
Trent के शेयरों में 6% की तेजी: कंपनी का मुनाफा 25% बढ़ा, ब्रोकरेज फर्म बोले- 3700 रुपए तक जाएगा भाव

