PF ट्रांसफर करना हुआ आसान: EPFO मेंबर पोर्टल से डाउनलोड करें सर्टिफिकेट; एप्लीकेशन स्टेटस भी कर सकेंगे चेक
Published:
3 min read

यूनियन लेबर मिनिस्ट्री ने 18 सितंबर को सर्कुलर जारी किया। इसके तहत अब एनेक्सर K खुद डाउनलोड कर सकते हैं। (सिम्बॉलिक इमेज)
बिजनेस डेस्क। EPFO ने अब प्रोविडेंट फंड (PF) ट्रांसफर करना आसान कर दिया है। अब कर्मचारी पुरानी कंपनी से नई कंपनी में आसानी से PF ट्रांसफर कर सकते हैं। यूनियन लेबर मिनिस्ट्री ने 18 सितंबर को सर्कुलर जारी किया।
एनेक्सर K रिक्वेस्ट पर मिलता था
पहले एनेक्सर K (जो PF ट्रांसफर का एक जरूरी सर्टिफिकेट है) सिर्फ PF ऑफिसों के बीच शेयर होता था। PF मेंबर्स को ये सिर्फ उनकी रिक्वेस्ट पर मिलता था। लेकिन अब नए रिफॉर्म के तहत सदस्य खुद EPFO मेंबर पोर्टल से ही एनेक्सर K को PDF फॉर्मेट में डाउनलोड कर सकते हैं।
इसका मतलब है कि अब आपको PF ऑफिस के चक्कर लगाने या वेट करने की जरूरत नहीं है। वहीं PF में ट्रांसपेरेंसी बढ़ाने और कर्मचारियों की सुविधा के लिए अब एनेक्सर K (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) को EPFO के मेंबर पोर्टल पर डाउनलोड करने की सुविधा शुरू हो गई है।
क्या होता है एनेक्सर K
एनेक्सर K एक जरूरी डॉक्यूमेंट है। ये EPFO जारी करता है। इसका इस्तेमाल तब होता है जब कोई कर्मचारी नौकरी बदलता है और अपने पुराने PF खाते का पैसा और पेंशन सर्विस को नए PF अकाउंट में ट्रांसफर करना चाहता है।
इसमें कर्मचारी की सारी जरूरी जानकारी होती है जैसे- कर्मचारी का नाम और डिटेल्स, PF अकाउंट में जमा पैसा और उसका इंटरेस्ट, जॉब हिस्ट्री और ज्वॉइनिंग और एग्जिट डेट। ये डॉक्यूमेंट पुराने PF ऑफिस या ट्रस्ट को नए PF खाते में पैसे और सर्विस हिस्ट्री ट्रांसफर करने के लिए चाहिए होता है।
नए नियम क्या हैं
अब नए PF ट्रांसफर नियमों से कर्मचारियों को ये फायदे होंगे
- आप ऑनलाइन मेंबर पोर्टल से एनेक्सर K डाउनलोड कर सकते हैं।
- ट्रांसफर एप्लीकेशन स्टेटस को ऑनलाइन ट्रैक कर सकते हैं।
- आसानी से चेक कर सकते हैं कि आपका PF बैलेंस और सर्विस पीरियड नए अकाउंट में सही से अपडेट हुआ है या नहीं।
एनेक्सर K एक्सेस और डाउनलोड कैसे करेंगे...
एनेक्सर K को EPFO मेंबर पोर्टल से ऑनलाइन डाउनलोड किया जा सकता है।
स्टेप 1- EPFO मेंबर पोर्टल पर लॉगिन करें, डिटेल्स भरें
स्टेप 2- ऑनलाइन सर्विस पर जाएं
स्टेप 3- ट्रैक क्लेम स्टेटस सेलेक्ट करें
स्टेप 4- एनेक्सर K डाउनलोड फॉर्म पर क्लिक करें
स्टेप 5- इसके बाद आपकी फाइल डाउनलोड हो जाएगी
ये खबरें भी पढ़ सकते हैं...
EPFO की सभी सेवाएं अब एक लॉगिन से: नया 'पासबुक लाइट' फीचर शुरू, PF डिटेल्स देखना हुआ और आसान
बेरोजगार होने पर भी निकाल सकते हैं PF: विड्रॉल करने के लिए क्या हैं नियम जानिए

