साउथ दिल्ली में डबल मर्डर: पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद; पड़ोसी ने पिता-बेटे की चाकू से हमला कर हत्या की
Published:
2 min read

सिम्बोलिक इमेज
नेशनल डेस्क. साउथ दिल्ली के अलकनंदा इलाके में स्थित एक रेसिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार रात एक पड़ोसी ने पिता और बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, यह विवाद पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ था। मृतकों की पहचान राकेश सूद (62 साल) और करण सूद (27 साल) के तौर पर हुई है। यह घटना चितरंजन पार्क के निकट तारा अपार्टमेंट में हुई।
मृतक का चचेरा भाई हमले का शिकार
पुलिस ने बताया कि इस हमले में मृतक करण का चचेरा भाई राहुल भी घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, आरोपी की पहचान असद के तौर पर हुई है। यह घटना तब घटी जब आरोपी घर लौटा और पीड़ितों से बहस करने लगा। इस दौरान उसने कथित तौर पर चाकू निकाला और करण पर कई बार हमला किया।
बेटे को बचाने गए पिता की मौत
पीड़ित करण पर हमला होते देख पिता राकेश ने अपने बेटे को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद वह घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, खून से लथपथ पड़े पिता और बेटे को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
CCTV के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। इसके आधार पर आरोपी असद को पकड़ा गया। फुटेज से यह अनुमान लगाया गया कि आरोपी पूरे प्लान के साथ पीड़ित के घर पहुंचा था। इसके बाद उसने करण पर हमला कर दिया। इस दौरान पीड़ित के पिता राकेश के बीच-बचाव करने पर उन पर भी हमला किया गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने मृतक करण के चचेरे भाई राहुल के गर्दन और अन्य जगहों पर भी कई बार हमला किया।

