मेरे हाथ बंधे हैं: वैभव के डेब्यू पर कप्तान श्रेयस, संजू-अभिषेक के सपोर्ट में बोले- उन्हें पता है कैसे खेलना है
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 0-2 से क्लीन स्वीप के बाद भारतीय टीम अब इंग्लैंड दौरे पर पहुंची है। यहां श्रेयस अय्यर की कप्तानी में सबसे पहले 5 टी20 की सीरीज खेलनी है। पहला मैच बुधवार (1 जुलाई) को होगा। इससे पहले श्रेयस ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर बयान दिया है। श्रेयस ने कहा कि वे टीम का प्लेइंग-11 कॉम्बिनेशन नहीं बता सकते। उनके हाथ बंधे हुए हैं।
संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन का सपोर्ट करते हुए श्रेयस ने कहा कि जिन खिलाड़ियों ने टी20 वर्ल्ड कप जिताया हो, उन्हें पता होता है कि कैसे खेलना है। उन्हें सपोर्ट करना चाहिए।
कोई नहीं जानता कि क्या होगा
इस पहले टी20 में वैभव डेब्यू करेंगे या नहीं? इसके जवाब में श्रेयस ने कहा- देखते हैं, कोई नहीं जानता कि क्या होने वाला है। हम क्या करने वाले हैं, यह मैं इस समय नहीं बता सकता। यह प्राइवेट है। मेरे हाथ बंधे हुए हैं। यह ऐसी बाते हैं, जिन पर हम टीम के अंदर ही चर्चा करते हैं। मैच में क्या प्लेइंग-11 कॉम्बिनेशन होगा, यह मैं हर किसी को नहीं बता सकता। ना ही विरोधी टीम को यह पता चलने दे सकते हैं।
वैभव को मौका मिलेगा तो अच्छा खेलेगा
वैभव को लेकर श्रेयस ने कहा, 'वह बेहतरीन खिलाड़ी है। उसे जब भी मौका मिलेगा, वह शानदार खेल दिखाएगा।' संजू-अभिषेक और ईशान का नाम लिए बगैर श्रेयस ने कहा कि जिन खिलाड़ियों ने टी20 वर्ल्ड कप जिताया हो, उन्हें पता होता है कि कैसे खेलना है। वे इस फॉर्मेट को खेलते आए हैं। हमें उन्हें सपोर्ट करना होगा और उनकी जगह टीम में है, यह भी विश्वास दिलाना होगा ताकि वे निश्चिंत रहें और अच्छा खेलते रहें।
वैभव को इंतजार करना होगा
इससे पहले टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट (Ryan ten Doeschate) ने भी वैभव को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा- वैभव इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन आप संजू सैमसन को बाहर नहीं कर सकते। उसने वर्ल्ड कप जीतने में हमारे लिए काफी अहम रोल निभाया था। हम प्लेयर को लंबा मौका देना चाहते हैं। वैभव को अपने मौके के लिए इंतजार करना होगा।
इस बयान से साफ लग रहा है कि टीम मैनेजमेंट संजू और अभिषेक को सपोर्ट करने के मूड में हैं। वैभव को पहले और दूसरे टी20 में मौका मिलना मुश्किल है। इस सीरीज में शायद वैभव को चौथे या पांचवें मैच में मौका मिल सकता है। हालांकि यह भी टीम मैनेजमेंट और मौजूदा स्थिति पर ही डिपेंड करेगा।

