योगी आदित्यनाथ बोले- SIT की रिपोर्ट में साधु-संतों का नाम नहीं: पप्पू यादव के नाटक की ओर था इशारा, बोले- विपक्ष लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहा
Published:
3 min read

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोर का मामला सामने आने के बाद सपा और कांग्रेस लगातार योगी सरकार पर सवाल खड़े कर रही है। (फोटो सोर्स: ANI)
नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार (4 अगस्त) को कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT की शुरुआती रिपोर्ट में किसी भी साधु-संत का नाम शामिल नहीं है। उनका इशारा हाल ही में संसद परिसर में कांग्रेस सांसद पप्पू यादव के साधु बनकर दान पेटी से पैसे चुराने के नाटक की ओर था।
दरअसल, मानसून सत्र के दौरान संसद परिसर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर विरोध प्रदर्शन करते हुए विपक्षी सांसदों ने एक नाटक किया था। इसमें पप्पू यादव साधू के वेश में थे और सपा सांसद रामभक्त बनकर दान पेटी में पैसे डाल रहे थे। इसी दौरान पप्पू यादव दान पेटी से बार-बार पैसे निकाल रहे थे। वह सांसदों से पैसे छुड़ाते और दान पेटी को लेकर भागते हुए भी नजर आए थे।
संसद में हर दिन राम मंदिर दान चोरी के मामले को लेकर प्रोटेस्ट हो रहा है। सोमवार से शुरू हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र में भी इसी तरह का विरोध प्रदर्शन दिखाई दे रहा है। यहां सपा और कांग्रेस सांसद बीते दो दिन से विधानसभा में इस मुद्दे पर योगी सरकार को घेर रहे हैं। ऐसे में सदन की कार्यवाही भी नहीं हो पा रही है।
क्या-क्या बोले सीएम योगी?
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्ष इस मामले पर जनता की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने कहा- समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का यह तरीका अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक है।
UP सीएम ने कुछ पुरानी बातें भी निकालीं। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार ने अयोध्या धाम की गलियों और पवित्र सरयू नदी को खून से रंग दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग पहले राम और कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वही आज आस्था की बात कर रहे हैं। सीएम योगी ने यह भी आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस मिलकर उत्तर प्रदेश की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

चढ़ावा चोरी के मामले पर लगातार हो रहा हल्ला
उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से शुरू हुआ है। यह 6 अगस्त तक चलेगा। शुरुआती दोनों दिन विपक्ष ने सदन में राम मंदिर मामले पर चर्चा की मांग की। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और समाजवादी पार्टी के विधायक माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि सरकार इस सत्र में चाहे जो बिल पेश करे, लेकिन हमें राम मंदिर के चढ़ावे के मुद्दे पर चर्चा करना है।
यह भी पढ़ें...

