केन्द्र और राज्य सरकारें कब जागेगी: चलती बस में गैंगरेप पर राहुल गांधी का पोस्ट, लिखा- निर्भया के बाद भी कुछ नहीं बदला
Published:
3 min read

इसी बस में नाबालिग के साथ गैंगरेप हुआ था।
नेशनल डेस्क। दिल्ली-NCR में एक 17 साल की लड़की के साथ चलती स्लीपर बस में गैंगरेप के मामले पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि दिल्ली में निर्भया गैंगरेप केस के बाद भी कुछ नहीं बदला। यहां आज भी महिलाएं असुरक्षित हैं। राहुल गांधी ने यह भी लिखा कि इस तरह के केस लगातार सामने आने के बाद भी केन्द्र और राज्य की सरकारें जाग नहीं रही हैं।
राहुल गांधी ने क्या-क्या लिखा?
राहुल गांधी ने इस मामले से जुड़ी एक खबर का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा- दिल्ली NCR महिलाओं के लिए इतना असुरक्षित हो चुका है कि एक नाबालिग बच्ची के साथ एक स्लीपर बस में ग्रेटर नोएडा से दिल्ली तक यानी 47 किलोमीटर तक गैंगरेप हुआ। हैरानी की बात है कि पूरी दिल्ली या नोएडा पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। यह बस नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, दिल्ली का रिंग रोड, बॉर्डर बिना एक भी चेकपोस्ट पर रुके सब पार कर गई।
राहुल लिखते हैं- बस की सीटों पर पर्दे लगे थे, ताकि अंदर क्या हो रहा है कोई देख न सके। अपराधियों में प्रशासन का कोई डर नहीं था। निर्भया के बाद इतने सालों में, इतनी घटनाओं के बाद भी ऐसी बसों की जांच और निगरानी के नियमों का पालन क्यों नहीं हो रहा?
यह भी पढ़ें... मुफ्ती ने महिलाओं को गोल्ड ज्वेलरी की तरह बताया: बोले- घर में संभालकर रखो, बाहर निकालोगे तो विनाश होगा
राहुल गांधी ने यह भी लिखा कि और कितनी महिलाओं और बच्चियों के साथ ऐसा होना बाकी है, तब जाकर केंद्र और राज्य सरकारें इस व्यवस्था को ठीक करेंगी? क्या अमित शाह के अधीन दिल्ली पुलिस और आदित्यनाथ के अधीन UP पुलिस की जवाबदेही तय की जाएगी?
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक, 17 साल की लड़की उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से नोएडा अपने एक रिश्तेदार के घर जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह ग्रेटर नोएडा के परी चौक के पास बस से उतरी। इसके बाद उसने नोएडा के सेक्टर-63 जाने के लिए स्लीपर बस पकड़ी।
लड़की का आरोप है कि कंडक्टर और ड्राइवर ने उसे कहा कि वह सेक्टर-63 ही जा रहे हैं लेकिन बस पुरी तरह से खाली थी। इसके बाद दोनों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू की और फिर पूरे सफर के दौरान उसका रेप किया। इसके बाद आरोपी उसे दिल्ली में कश्मीरी गेट के पास छोड़कर चले गए।
नॉर्थ दिल्ली की DCP निहारिका भट्ट ने बताया कि लड़की को आरोपी रिंग रोड पर छोड़कर चले गए थे। इसके बाद वह कश्मीरी गेट ISBT थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना बताई।
यह भी पढ़ें... शादी का कार्ड लेकर थाने पहुंचीं दो महिला पुलिसकर्मी: छुट्टी की अर्जी से सामने आया समलैंगिक विवाह का मामला
पुलिस ने मामला दर्ज कर लड़की का मेडिकल कराया। इसके बाद CCTV फुटेज की मदद से बस को ट्रेस किया गया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में बस ड्राइवर और कंडक्टर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बस को भी जब्त कर लिया है और उसकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि लड़की को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सामने पेश किया गया। कमेटी के निर्देश पर उसे उसके पिता के साथ भेज दिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है। इस घटना का राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी संज्ञान लिया है। आयोग ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

