पंजाब में कपल पर पिटबुल का हमला: किराए पर घर देखने के लिए गए थे; दोनों को कई जगह का काटा, Video
Published:
2 min read

पटियाला में किराए पर मकान देखने गए कपल पर पिटबुल ने हमला किया।
नेशनल डेस्क. पंजाब के पटियाला में किराए पर मकान देखने गए कपल पर पिटबुल ने जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। पिटबुल ने कपल को कई जगह काटा। कई लोगों की कोशिशों के बाद कपल बड़ी मुश्किल में पिटबुल से बच पाया।
उधर, पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने इस घटना के बाद कहा कि शहर में खतरनाक नस्ल के कुत्तों को रखने पर बैन लगाया जाएगा। उन्होंने कहा, इसके लिए नगर निगम की बैठक बुलाई जाएगी और इसमें कुत्तों पर बैन का प्रस्ताव लाया जाएगा।
किराए पर मकान देखने गया था कपल
दरअसल, पटियाला के रहने वाले अंकित सबरवाल और उनकी पत्नी शिफाली प्रॉपर्टी डीलर के साथ किराए के लिए घर देखने घुमन नगर गए थे। अंकित ने बताया- जैसे ही प्रॉपर्टी डीलर ने घर का गेट खोला, पिटबुल कुत्ते ने उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। कुत्ते ने सैफाली के हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर बुरी तरह से काटा। जब अंकित ने शिफाली को बचाने की कोशिश की तो पिटबुल ने उनपर भी हमला कर दिया। इसके बाद वहां और लोग आ गए, कुत्ते को डंडे से मारकर अलग किया।
अंकित और शिफाली निजी अस्पताल पहुंचे, जहां शिफाली की सर्जरी हुई। अंकित के हाथ और पैरों में भी कई जगह पिटबुल ने काटा है।
मालकिन भी नहीं बचा पाई
CCTV में भी कुत्ते को अंकित और शिफाली पर हमला करते हुए देखा जा सकता है, वहीं आसपास के लोग दोनों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, घर की मालकिन भी डंडा लेकर बाहर आई, लेकिन वह कुत्ते को नहीं रोक सकी। इसके बाद दो से तीन लोग और डंडा लेकर आए। उन्होंने कुत्ते को पीटा। इसके बाद अंकित और शिफाली अपनी जान बचाकर वहां से भागे।
अंकित ने इस मामले में पुलिस से शिकायत कर कुत्ते को खुला छोड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। पटियाला में कुत्तों के हमलों की लगातार बढ़ती घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले 9 अगस्त को गुरु नानक नगर से गुजरते समय एक लड़की पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया था।

