बेंगलुरु जेल में बंद प्रज्वल रेवन्ना के बैरक से मिला मोबाइल फोन: ASP सस्पेंड, SP को नोटिस जारी; रेप केस में बंद हैं पूर्व JDS सांसद
Published:
2 min read

बेंगलुरु की स्पेशल कोर्ट ने अगस्त 2025 में प्रज्वल रेवन्ना दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. रेप केस में जेल में बंद JDS (जनता दल सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पास एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिला है।
DGP (जेल) आलोक कुमार ने बताया, मंगलवार को परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) ने छापेमारी की। रेवन्ना JD(S) विधायक HD रेवन्ना के बेटे हैं। प्रज्वल को रेप के आरोपों में जेल भेजा गया था।
कुमार ने बताया कि यह छापेमारी सभी हाई-प्रोफाइल कैदियों के बैरक में की गई और यह लगभग 4 से 5 घंटे तक चली। प्रज्वल रेवन्ना के पास से एक एंड्रॉयड फोन जब्त किया गया है।
ASP सस्पेंड
कुमार ने बताया कि DIG (साउथ) की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि बेंगलुरु सेंट्रल जेल के SP को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कुमार ने कहा, इस घटना की पूरी जांच की जा रही है।
दो कैदियों के पास मिला मोबाइल
छापे के दौरान, प्रताप राय नाम के एक और कैदी के पास भी मोबाइल मिला है। रेवन्ना और राय के खिलाफ परप्पना अग्रहारा जेल में प्रिजन्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस धारा में जेल के अंदर प्रतिबंधित सामान लाने या बाहर ले जाने, बिना इजाजत कैदियों से बातचीत करने या जेल के नियमों को तोड़ने में मदद करने पर सजा का प्रावधान है। अधिकारी इस मामले में नोटिस जारी करने और आगे की कार्रवाई शुरू करने से पहले CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं और और जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं।
पूर्व PM देवेगौड़ा के पोते हैं प्रज्वल रेवन्ना
प्रज्वल रेवन्ना केस कर्नाटक के हासन से JDS के पूर्व सांसद और पूर्व PM देवेगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना पर रेप का आरोप है। अप्रैल 2024 में कई अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सामने आया था, जिसमें कई महिलाओं के यौन उत्पीड़न का आरोप था। बेंगलुरु की विशेष अदालत ने अगस्त 2025 में उन्हें एक घरेलू मेड के रेप का दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

