आकाश तरंग, कामिकेज ड्रोन से गाइडेड मिसाइल तक: 52,000 करोड़ के हथियार खरीदेंगी तीनों सेनाएं; केंद्र से मंजूरी
Published:
2 min read

इस डील में एयर डिफेंस सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम और मॉडर्न सर्विलांस इक्विपमेंट शामिल हैं।
नेशनल डेस्क. डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल (DAC) ने 52,000 करोड़ रुपये की डिफेंस खरीद को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में मंजूरी दी गई। इसमें कामिकेज ड्रोन, गाइडेड मिसाइलें, एयर डिफेंस सिस्टम और नेवी और एयरफोर्स के लिए आधुनिक हथियार शामिल हैं।
इस डील में जेट-पावर्ड कामिकेज ड्रोन, गाइडेड मिसाइल सिस्टम, एयर डिफेंस सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम और मॉडर्न सर्विलांस इक्विपमेंट शामिल हैं। इन हथियारों के शामिल होने से इंडियन मिलिट्री की मारक क्षमता, निगरानी क्षमता और हवाई सुरक्षा में बड़ा इजाफा होगा।
इंडियन आर्मी को मिलेंगे ये हथियार
- UAV इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम 'आकाश तरंग'
- मैन पोर्टेबल एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल सिस्टम (MPATGM)
- मीडियम रेंज सरफेस-टू-एयर मिसाइल सिस्टम (MRSAM)
- शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम (VSHORADS)
- टैंकों के लिए एक्टिव डिफेंस सिस्टम
- जेट-पावर्ड कामिकेज ड्रोन सिस्टम
'आकाश तरंग' दुश्मन के हवाई हमलों से सुरक्षा कवच की तरह काम करेगी, जबकि MPATGM दुश्मन के टैंकों और बख्तरबंद वाहनों को टारगेट करने में आर्मी की क्षमता बढ़ाएगा। MRSAM और VSHORADS भारतीय सेना को विभिन्न प्रकार के हवाई खतरों से निपटने में मदद करेंगे।
इंडियन नेवी को मिलेंगे ये सिस्टम
- मल्टी इन्फ्लुएंस ग्राउंड माइन (MIGM)
- नेवी शिपबोर्न अनमैन्ड एरियल सिस्टम (NSUAS)
- इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन सिस्टम टेस्टिंग फैसिलिटी (LBTF)
ये सिस्टम नेवी की समुद्री मॉनिटरिंग, कॉम्बेट कैपेबिलिटी और दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखने की ताकत को और बढ़ाएंगे।
इंडियन एयरफोर्स के लिए बड़ी मंजूरी
DAC ने फिक्स्ड-विंग बेस्ड हाई एल्टीट्यूड स्यूडो सैटेलाइट (FW-HAPS) और अन्य प्रस्तावों की खरीद को भी मंजूरी दी है। यह सिस्टम इंटेलिजेंस, सर्विलांस, टोही, कम्युनिकेशन और दूरदराज के क्षेत्रों में ऑपरेशन के दौरान इंडियन एयरफोर्स को बड़ी सहायता प्रदान करेगा।

