इंडिया बनेगी 600 टेस्ट खेलने वाली पहली एशियाई टीम: श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में बनेगा रिकॉर्ड; 471 टेस्ट के साथ पाकिस्तान दूसरे नंबर पर
Published:
2 min read

भारतीय टीम ने अब तक (7 अगस्त 2026) 599 टेस्ट में से 186 जीते और 188 हारे हैं। इस दौरान 224 टेस्ट ड्रॉ रहे और एक मैच टाई रहा। (फाइल फोटो- ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर है। दोनों टीम के बीच 2 टेस्ट की सीरीज खेली जाएगी। पहला मैच 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। यह भारतीय टीम का 600वां टेस्ट होगा। इस मैच में उतरने के साथ ही इंडिया 600 टेस्ट खेलने वाली एशिया की पहली टीम बन जाएगी।
इंग्लैंड ने सबसे ज्यादा 1097 टेस्ट खेले
ओवरऑल सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाली टीम की लिस्ट में इंडिया तीसरे नंबर पर है और 600वां टेस्ट खेलने बाद भी इसी नंबर पर रहेगी। इस लिस्ट में इंग्लैंड टॉप पर है, जिसने 1097 टेस्ट खेले हैं। एशिया में इंडिया के बाद पाकिस्तान का दूसरा नंबर है, जिसने 471 टेस्ट खेले हैं।
भारतीय टीम ने अब तक (7 अगस्त 2026) 599 टेस्ट में से 186 जीते और 188 हारे हैं। इस दौरान 224 टेस्ट ड्रॉ रहे और एक मैच टाई रहा।
एशिया की 5 टीमें टेस्ट खेलती हैं
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के 12 फुल मेम्बर देश हैं, जिन्हें टेस्ट खेलने का दर्जा प्राप्त है। इसमें एशिया से इंडिया के अलावा पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान हैं।

एशियाई टीमों में अफगानिस्तान ने सबसे कम 13 टेस्ट खेले हैं, क्योंकि उसे टेस्ट खेलने का दर्जा जून 2017 में ही मिला है। उसने अपना पहला टेस्ट जून 2018 में इंडिया के खिलाफ खेला था।
इंडिया टेस्ट खेलने वाली पहली एशियाई टीम
दूसरी ओर भारतीय टीम ने अपना टेस्ट डेब्यू जून 1932 में किया था। पहला टेस्ट इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला था, जिसमें भारतीय टीम को 158 रन से हार मिली थी।
जबकि पाकिस्तान टीम 1952 और श्रीलंका की टीम 1982 से टेस्ट खेल रही है। बांग्लादेश को साल 2000 में टेस्ट दर्जा मिला था। इसी के चलते यह टीमें कम टेस्ट खेल पाई हैं।

