राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में किसानों की महापंचायत हिंसक: इथेनॉल फैक्ट्री में तोड़फोड़ के बाद लाठीचार्ज; कांग्रेस MLA समेत कई घायल
Published:
2 min read

नेशनल डेस्क. राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में भारी बवाल के बाद तनाव का माहौल है। टिब्बी में 450 करोड़ रुपये की इथेनॉल फैक्ट्री का विरोध हो रहा है। बुधवार को किसानों की महापंचायत हिंसक हो गई। लाठीचार्ज में कांग्रेस MLA अभिमन्यू पूनिया समेत कई लोग घायल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री में घुसकर तोड़फोड़ की, 10 गाड़ियां में आग लगा दीं, तीन बुलडोजर में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।
जिले में तनाव का माहौल है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्कूल और दुकानें बंद हैं। लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। टिब्बी कस्बे के आस पास इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है ताकि स्थिति को काबू किया जा सके।
हनुमानगढ़ के SP हरि शंकर ने बताया, इथेनॉल प्लांट के खिलाफ महापंचायत की गई थी। कुछ लोगों ने फैक्ट्री की तरफ कूच किया और वहां तोड़फोड़ की। झड़प में 5 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस के द्वारा कार्रवाई की जा रही है। 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
SDM कार्यालय के बाहर बुधवार सुबह महापंचायत में किसान संगठन, महिलाओं, युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। किसान नेताओं ने प्रशासन से इथेनॉल फैक्ट्री का निर्माण कार्य तुरंत रोकने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी थी कि दोपहर दो बजे तक जवाब न मिलने पर वे फैक्ट्री की ओर मार्च करेंगे। आरोप है कि प्रशासन की ओर से कोई ठोस लिखित आश्वासन नहीं मिलने पर भीड़ अचानक उग्र हो गई। बैरिकेडिंग तोड़ते हुए फैक्ट्री परिसर में जा घुसी।

