दिल्ली में 16 साल की लड़की से गैंगरेप के बाद हत्या: शव मैदान में फेंका-कुत्तों ने नोंचा; 3 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
Published:
3 min read

13 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि स्वरूप नगर के कुशक रोड के पास मैदान में एक बॉडी मिली है। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
नेशनल डेस्क. दिल्ली में 16 साल की लड़की के साथ गैंगरेप कर हत्या कर दी। आरोपियों ने उसके शव को खुले मैदान में फेंक दिया। जहां कुत्तों ने उसके शव को नोंचा, जिससे फोरेंसिक टीमों को तुरंत यह पता लगाने में मुश्किल हुई कि वह महिला है या पुरुष।
यह घटना नोर्थवेस्ट दिल्ली के स्वरूप नगर में हुई। 4 आरोपियों में से 3 आरोपी नाबालिग हैं, जिनकी उम्र 16 से 17 साल के बीच है। एक शिवम नाम का आरोपी बालिग है। दरअसल, 13 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि स्वरूप नगर के कुशक रोड के पास एक खुले मैदान में सड़ी-गली बॉडी मिली है। इसके बाद पुलिस फोरेंसिक टीमों के साथ मौके पर पहुंची।
घरवालों ने नहीं की थी शिकायत
पुलिस ने कहा- लड़की के घरवालों ने उसके गायब होने की शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। परिवार का कहना है कि वह हर कभी घर से चली जाती थी और कुछ दिन बाद वापस आ जाती थी।
कैसे आरोपियों तक पहुंची पुलिस
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआत में पुलिस को इस घटना से जुड़ा कोई भी सबूत नहीं मिल रहा था। लड़की और आरोपियों की भी पहचान नहीं हो पा रही थी। इसके बाद पुलिस 50 से अधिक CCTV को खंगाला, आसपास के एरिया के कैमरे चेक किए। पुलिस को एक रूट से टेम्पो के बारे में पता चला जो बार-बार इधर-उधर घूम रहा था।
अंधेरे की वजह से टेम्पो का रजिस्ट्रेशन नंबर भी साफ-साफ नहीं दिख रहा था। पुलिस ने कई लोकेशन के CCTV देखे। सर्चिंग के बाद आरोपी का टेम्पो पकड़ा गया। टेम्पो के ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में 3 लोगों के बारे में और खुलासा हुआ, जो इस वारदात में शामिल थे। इनमें एक आरोपी शिवम खड्डा कॉलोनी दिल्ली का रहने वाला है।
यह खबर भी पढ़ें
ग्रेटर नोएडा में छात्रा से चलती बस में गैंगरेप: ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार; बस 48KM तक दिल्ली में दौड़ती रही
आरोपी और लड़की एक दूसरे के परिचित थे
पुलिस के मुताबिक, आरोपी और लड़की एक-दूसरे को जानते थे। बताया जा रहा है कि वह उनके साथ टेम्पो से कहीं जा रही थी। रेप- मर्डर और बॉडी को ठिकाने लगाने से पहले आरोपियों ने टेम्पो में ही शराब पी थी। पुलिस ने बताया कि लड़की के शरीर के पार्ट्स आवारा कुत्तों ने खा लिए थे। उसका एक हाथ अलग खेत में पड़ा था।
फिलहाल पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और BNS की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने 2 चाकू, आरोपियों के कपड़े और टेम्पो बरामद किया है।

