चेन्नई एयरपोर्ट पर पैसेंजर ने प्लेन के इमरजेंसी गेट से छलांग लगाई : लैंडिग के बाद टैक्सी वे पर था विमान; शारजाह से आई थी एयर अरेबिया की फ्लाइट
Published:
2 min read

बताया जा रहा है कि यात्री बीमार लग रहा था, उसने दो बार उल्टी भी की थी। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयर अरेबिया फ्लाइट में यात्री ने इमरजेंसी गेट खोलकर टैक्सीवे पर छलांग लगा दी। दरअसल विमान लैंड होने के बाद धीरे-धीरे टर्मिनल की तरफ बढ़ रहा था। 34 साल का यात्री एयर अरेबिया फ्लाइट से शारजाह से चेन्नई आया था। यह घटना रविवार सुबह हुई, जब विमान कुछ देर पहले चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुआ था। बताया जा रहा है कि यात्री बीमार लग रहा था, उसने दो बार उल्टी भी की थी।
मेन रनवे 1 घंटे बंद रहा
जिस समय पैसेंजर ने छलांग लगाई प्लेन टैक्सी वे पर मौजूद था, टैक्सीवे वह एरिया होता है, जहां रनवे को टर्मिनल, हैंगर और मेंटेनेंस एरिया से जोड़ा जाता है। घटना के बाद पायलट ने ग्राउंड ऑथॉरिटी को अलर्ट किया। जिसके बाद CRPF ने पैसेंजर को कस्टडी में लेकर पुलिस को सौंप दिया। इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। मुख्य रनवे को रविवार 3:23 AM से 4:23 AM बजे तक बंद किया गया। इस दौरान फ्लाइट्स को अस्थायी तौर पर दूसरे रनवे पर डाइवर्ट किया गया।
विमान में 231 यात्रा सवार थे
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया, यह घटना विमान के टचडाउन के ठीक बाद हुई। विमान में 231 यात्री सवारे थे। विमान मुख्य रनवे से निकल चुका था, धीरे-धीरे टैक्सीवे की तरफ बढ़ रहा था, लेकिन वह पूरी तरह से रुका नहीं था। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना के बाद विमान के अंदर अफरा-तफरी मच गई, कैबिन क्रू ने तुरंत सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी।
तमिलनाडु का रहने वाला यात्री बीमार था
एक सीनियर एयरपोर्ट अफसर ने कहा- जब प्लेन धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था, तब यात्री ने छलांग लगा दी। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। किसी पैसेंजर और प्लेन को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। यह घटना मेन रनवे पर नहीं हुई । शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, पैसेंजर बीमार लग रहा था। उसने बार-बार उल्टी आने की शिकायत की थी। वह दो बार उल्टी भी कर चुका था। आधिकारिक तौर पर व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह व्यक्ति तमिलनाडु का रहने वाला है। अधिकारियों ने सुरक्षा जांच शुरु कर दी है।

