आज जिम्बाब्वे जीता तो ऑस्ट्रेलिया T20 WC से बाहर: श्रीलंका सुपर-8 में; देखिए ग्रुप-B का सिनेरियो कैसे चेंज हुआ
Published:
3 min read

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 182 रन का टारगेट दिया। श्रीलंकाई टीम ने 18 ओवर में ही 2 विकेट गंवाकर चेज कर लिया। (@ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सोमवार (16 फरवरी) को श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच रोमांचक मैच खेला गया। इस मुकाबले को श्रीलंका ने 8 विकेट से जीतकर सुपर-8 में एंट्री कर ली है। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलियाई टीम का अब टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होना तय हो गया है। यह टीम अब पूरी तरह से जिम्बाब्वे की जीत-हार पर डिपेंड हो गई है।
जिम्बाब्वे को ग्रुप स्टेज में आज (17 फरवरी) अपना तीसरा मैच आयरलैंड के खिलाफ खेलना है। यदि इस मैच में जिम्बाब्वे जीतती है तो वो सुपर-8 में एंट्री कर लेगी और ऑस्ट्रेलिया बाहर हो जाएगी। श्रीलंका की इस जीत ने पूरा सिनेरियो ही चेंज कर दिया है। आइए जानते हैं कैसे…
पॉइंट्स में जानिए ग्रुप-बी में सुपर 8 का सिनेरियो…
- श्रीलंकाई टीम अपने शुरुआती तीनों मैच जीतकर सुपर-8 में पहुंच गई है। उसके 6 पॉइंट्स हैं। जिम्बाब्वे ने 2 मैच जीते और 4 अंक के साथ दूसरे नंबर पर है। उसे अब भी दो मैच और खेलने हैं।
- ऑस्ट्रेलिया 3 में से एक मैच जीतकर तीसरे नंबर पर है। उसके 2 ही पॉइंट्स हैं। ऑस्ट्रेलिया को अब आखिरी मैच ओमान से खेलना है। यह मैच जीतकर इस टीम के 4 पॉइंट्स ही होंगे। ऐसे में उसे दुआ करनी होगी कि जिम्बाब्वे अपने आखिरी दोनों मैच हार जाए।
- दूसरी ओर जिम्बाब्वे अपने बाकी बचे 2 में से एक मैच भी जीत लेती है तो वो 6 पॉइंट्स के साथ सुपर-8 में एंट्री कर लेगी। उसका तीसरा मैच आज आयरलैंड से है। आखिरी मैच श्रीलंका से 19 फरवरी को होगा।
- ग्रुप में शामिल आयरलैंड की बात करें तो उसके 3 मैच में 2 ही पॉइंट्स हैं। उसे आज के मैच में जिम्बाब्वे को बड़े अंतर से हराना होगा। साथ ही दुआ करनी होगी कि ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे अपने बाकी बचे आखिरी मैच में जीत हासिल ना कर सकें।
- ग्रुप की पांचवीं टीम ओमान कोई मैच नहीं जीत सकी और पहले ही इस टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गई है।
श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराया
बात करें मैच की तो ऑस्ट्रेलिया ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 181 रन बनाए थे। ट्रेविस हेड ने 56 और कप्तान मिचेल मार्श ने 54 रनों की पारी खेली। श्रीलंका के लिए दुशान हेमंता ने 3 और दुष्मंथा चमीरा ने 2 विकेट लिए।
182 रन के टारगेट को श्रीलंकाई टीम ने 18 ओवर में ही चेज कर लिया। इस टीम ने 2 विकेट पर 184 रन बनाए। पथुम निशंका ने 52 बॉल पर 100 रनों की नाबाद पारी खेली। कुसल मेंडिस ने 38 बॉल पर 51 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए दोनों विकेट मार्कस स्टोइनिस ने लिए।

