इंडिया के लिए जिम्बाब्वे की जीत है कुछ खास: वर्ल्ड कप में जब-जब ऑस्ट्रेलिया को हराया, भारतीय टीम ने ही खिताब जीता, आंकड़े दे रहे गवाही
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ICC वर्ल्ड कप (वनडे, टी20) में जब-जब जिम्बाब्वे की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराया है, तब-तब भारतीय टीम के लिए शुभ संयोग बने हैं। उस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ही चैम्पियन बनी है। यही वजह है कि वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जिम्बाब्वे की जीत टीम इंडिया के लिए बेहद खास रही है। इसकी गवाही आंकड़े खुद दे रहे हैं।
जिम्बाब्वे ने तीन वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को करारी शिकस्त दी है। इसमें से दो बार भारतीय टीम चैम्पियन बनी है। तीसरी जीत इसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की है। इसका सेमीफाइनल और फाइनल होना बाकी है।
भारतीय टीम पहले ही सुपर-8 में पहुंच चुकी है। जबकि ऑस्ट्रेलिया को बाहर करते हुए जिम्बाब्वे ने भी क्वालिफाई कर लिया है। ऐसे में यदि आंकड़ों को देखें तो इस बार भी टीम इंडिया ही खिताब जीत सकती है। इसका शुभ संयोग खुद जिम्बाब्वे ने बना दिया है।

1983 वनडे वर्ल्ड कप जीता
इसकी शुरुआत सबसे पहले 1983 वनडे वर्ल्ड कप से हुई थी। तब टूर्नामेंट का तीसरा ग्रुप मैच जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुआ था। 9 जून को नॉटिंघम में हुआ यह मैच काफी रोमांचक रहा। इसमें जिम्बाब्वे ने 13 रनों से जीत दर्ज की थी।
तब ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 5 विकेट से हराया था। फिर सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर फाइनल में एंट्री की थी। खिताबी मुकाबले में वेस्टइंडीज को 43 रन से हराकर भारतीय टीम पहली बार चैम्पियन बनी थी।
2007 टी20 वर्ल्ड कप में चैम्पियन बने
भारतीय टीम ने दूसरा ICC वर्ल्ड कप 2007 में जीता था। यह टी20 फॉर्मेट का पहला वर्ल्ड कप सीजन था। इस टी20 टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज का चौथा मैच जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुआ था। 12 सितंबर को केपटाउन में खेला गया यह मैच जिम्बाब्वे ने 5 विकेट से जीता था।
इस वर्ल्ड कप में इंडिया और जिम्बाब्वे के बीच मैच नहीं हुआ था। तब भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 15 रन से हराया। फिर फाइनल में पाकिस्तान को 5 रन से हराकर खिताब जीता था।

2026 में वर्ल्ड कप आना बाकी…
मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में जिम्बाब्वे ने उलटफेर करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से करारी शिकस्त दी है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 13 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया था।
जिम्बाब्वे ने सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। यह अगले राउंड में टीम इंडिया के साथ ही ग्रुप-X में रहने वाली है। सुपर-8 राउंड में भारतीय टीम का जिम्बाब्वे से मुकाबला 26 फरवरी को होगा। यह मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। सेमीफाइनल के लिए दोनों टीमों को यह मैच जीतना जरूरी होगा।

ऑस्ट्रेलिया Vs जिम्बाब्वे हेड-टू-हेड
जिम्बाब्वे ने क्रिकेट इतिहास में सिर्फ 5 बार ही ऑस्ट्रेलिया को हराया है। इस दौरान 3 बार वनडे और 2 बार टी20 फॉर्मेट में शिकस्त दी। इसमें तीन बार ICC वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे को जीत मिली है। 1983 वनडे वर्ल्ड कप में हराया था। इसके बाद 2007 और 2026 टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत दर्ज की। जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 33 वनडे और 4 टी20 हुए हैं।
ऑस्ट्रेलिया Vs जिम्बाब्वे हेड-टू-हेड
- दोनों टीमों के बीच 3 टेस्ट मैच खेले गए। तीनों मुकाबले ऑस्ट्रेलिया ने ही जीते। पहला टेस्ट अक्तूबर 1999 में हुआ था। 2003 के बाद से दोनों टीमों के बीच कोई टेस्ट नहीं खेला गया।
- दोनों टीमों के बीच 33 वनडे हुए। इसमें ऑस्ट्रेलिया ने 29 और जिम्बाब्वे ने 3 मैच जीते। एक मैच बेनतीजा रहा।
- ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच 4 टी20 हुए। दोनों ने 2-2 मैच जीते।

